पीएम के जन्मदिन के उपलक्ष्य में वार्ड स्तर पर कार्यक्रमों में लोगों के बीच जा रही भाजपा
राज्य ब्यूरो जम्मू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सेवा सप्ताह मना रही प्रदेश
राज्य ब्यूरो, जम्मू : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सेवा सप्ताह मना रही प्रदेश भाजपा केंद्र प्रायोजित योजनाएं लेकर लोगों के बीच जा रही है। वार्ड स्तर पर कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों की मदद करने के साथ उन्हें केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी मदद की जा रही है।
मंगलवार को जम्मू शहर के वार्ड नंबर आठ में सेवा सप्ताह के उपलक्ष्य में आयोजित पौधारोपण अभियान के दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा ने सनातन धर्म सभा स्कूल में फलदार पौधे लगाए। इस मौके पर वार्ड के कॉरपोरेटर डॉ. अक्षय शर्मा, वार्ड प्रधान सुरेश सलगोत्रा के साथ अन्य कई पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद थे। बुधवार को वार्ड नंबर आठ में मास्क, सैनिटाइजर बांट कर लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के बारे में जागरूक किया गया। इसी तरह से अन्य वार्डो में भी कार्यक्रम हो रहे हैं।
सत्रह सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर प्रदेश भाजपा का सेवा सप्ताह शुरू होकर बीस सितंबर तक जारी रहेगा। जम्मू के साथ श्रीनगर में भी कार्यक्रम जारी हैं। पार्टी मुख्यालय में मुख्य कार्यक्रम 17 सितंबर को होगा। कोरोना संक्रमण के चलते पार्टी ने इस समय अपनी राजनीतिक गतिविधियों पर रोक लगाई है। ऐसे में पीएम के जन्मदिन पर कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ अधिकारी ही शामिल होंगे।
वार्ड स्तर पर भाजपा के सेवा सप्ताह के कार्यक्रमों का संचालन मंडल प्रधानों की देखरेख में किया जा रहा है। इस दौरान पौधारोपण अभियान, वृद्धों की मदद करने के साथ लोगों में कोरोना से बचाव के लिए मास्क, अन्य जरूरी सामान बांटा जा रहा है। इसके साथ समाज के विभिन्न वर्गाें के लाभ के लिए बनाई गई योजनाओं के बारे में भी बताया जा रहा है। जम्मू संभाग के सभी जिलों में इस समय पार्टी के ये कार्यक्रम पूर्व विधायकों, जिला प्रधानों, मंडल प्रधानों कॉरपोरेटरों की देखरेख में हो रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना के निर्देशों पर कार्यक्रमों का सिलसिला 14 सितंबर को शुरू हुआ था।