जम्मू में 31 से करेगी भाजपा कार्यकारिणी की बैठक
संसदीय चुनाव के लिए सरकार की उपलब्धियों को लोगों के बीच लेकर जाने की भाजपा की रणनीति 31 मार्च से शुरू हो रही राज्य कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक में तय होगी।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। संसदीय चुनाव के लिए सरकार की उपलब्धियों को लोगों के बीच लेकर जाने की भाजपा की रणनीति 31 मार्च से शुरू हो रही राज्य कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक में तय होगी।
हाल ही में संसदीय उप चुनाव में भाजपा से कई संसदीय सीटें छिन जाने के बाद पार्टी हाईकमान के स्पष्ट निर्देश हैं कि लोगों से बेहतर तालमेल बनाया जाए। इसके लिए जमीनी स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने के लिए हर संभव कोशिश हो।इन हालात में भाजपा राज्यकारिणी की बैठक में हाईकमान के निर्देश जमीनी सतह तक पहुंचाने में अहम साबित होगी। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री राम माधव सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं के भी शामिल होने की संभावना है।
पहले दिन पदाधिकारियों की बैठक जम्मू और अगले दिन राज्य कार्यकारिणी जम्मू जिले के सीमांत आरएसपुरा में होगी। मंगलवार को राज्य कार्यकारिणी की तैयारियां तेज करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अधिक से अधिक लोगों के बीच जाएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह राज्य में संगठन को मजबूत बनाने के लिए हो रहे प्रयासों से संतुष्ट हैं। हमें और कोशिश करनी चाहिए।
सत शर्मा की अध्यक्षता वाली बैठक में संगठन महामंत्री अशोक कौल, राज्य महासचिव डॉ. नरेन्द्र सिंह, पवन खजूरिया व हरेन्द्र गुप्ता शामिल थे। सत शर्मा ने कहा कि संगठन किसी भी सरकार का आधार होता है। ऐसे में हमें पूरी कोशिश करनी चाहिए कि संगठन को मजबूत बनाया जा सके। पार्टी नेता अधिक से अधिक क्षेत्रों में दौरे करें।अशोक कौल ने कहा कि पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को जमीनी सतह पर अपनी गतिविधियों में और तेजी लाने की जरूरत है। लोगों को भाजपा से बड़ी उम्मीदें हैं। इन्हें पूरा किया जाना जरूरी है।
कार्यकर्ता संगठन और सरकार में बेहतर तालमेल बनाते हुए लोगों के मसलों को हल करें। महासचिव डॉ. नरेन्द्र सिंह व पवन खजूरिया ने कार्यकारिणी की बैठक में उठने वाले मुद्दों पर पदाधिकारियों को विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान राजनीतिक और अन्य प्रस्तावों पर भी गौर किया गया। बैठक में पदाधिकारियों से भी राय ली गई कि जमीनी सतह पर संगठन को मजबूत बनाने के लिए क्या किया जा सकता है।