Jammu: प्रोपर्टी टैक्स के विरोध में भाजपा काॅरपोरेटर भी आने लगे आगे, जनरल हाउस में प्रापर्टी टैक्स पर हंगामे के आसार
भाजपा के कॉरपोरेटर एवं नगर निगम की पब्लिक हेल्थ एंड सेनिटेशन कमेटी के चेयरमैन नरेंद्र सिंह जम्वाल ने कहा है कि प्रोपर्टी टैक्स का यह उचित समय नहीं है। प्रोपर्टी टैक्स लगाने से पहले कांग्रेस निर्दलीय व भाजपा काॅरपोरेटरों की एक कमेटी बनाई जाए जो सरकार से बात करे।
जम्मू, जागरण संवाददाता : शहर में प्रोपर्टी टैक्स लगाने के विरोध में विपक्षियों के बाद अब भाजपा के काॅरपोरेटर भी आगे आने लगे हैं। भाजपा के कॉरपोरेटर एवं नगर निगम की पब्लिक हेल्थ एंड सेनिटेशन कमेटी के चेयरमैन नरेंद्र सिंह जम्वाल उर्फ बंटी ने कहा है कि प्रोपर्टी टैक्स लगाने का यह उचित समय नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रोपर्टी टैक्स लगाने से पहले कांग्रेस, निर्दलीय व भाजपा काॅरपोरेटरों की एक कमेटी बनाई जाए जो सरकार से बात करे। उन्होंने कहा कि प्रोपर्टी टैक्स लगाना फिलहाल सही नहीं है। पहले ही लोग बेहाल हैं। शहर वासियों को और परेशान नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रोपर्टी टैक्स लगाने का फैसला लेने से पहले सर्वसम्मति मिलनी चाहिए। जनहित को सर्वोपरि रखा जाना चाहिए।
वहीं भाजपा के नेता एवं कॉरपोरेटर पवन सिंह ने भी प्रोपर्टी टैक्स का विरोध जताया है। उनका कहना है कि काेरोना महामारी ने पहले ही सारी व्यवस्था बिगाड़ रख दी है। हर कोई परेशान है। शहर वासियों को पहले ही यूजर चार्ज समेत कई प्रकार के टैक्स देने पड़ रहे हैं। ऐसे में प्रोपर्टी टैक्स लगाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि आम जनता की भावनाओं और मजबूरियों को भी समझा जाना चाहिए। नगर निगम की तरफ से फिलहाल इस टैक्स को लगाने नहीं दिया जाएगा। वह इसका विरोध करेंगे।
उधर, नगर निगम में विपक्षी कॉरपोरेटरों ने भी जनरल हाउस में इस मुद्दे को लेकर हंगामे की तैयारी कर ली है। उनका कहना है कि शहर वासियों पर यह टैक्स थोपने नहीं दिया जाएगा। नगर निगम में भाजपा के पास बहुमत है लेकिन वे विपक्ष में रहकर इसका पुरजोर विरोध करेंगे। कॉरपोरेटर द्वारका चौधरी, सुच्चा सिंह, रितु चौधरी, अनिता शर्मा, संध्या गुप्ता, प्रो. युद्धवीर सिंह, गार सिंह चिब, गौरव चोपड़ा ने भी इसके खिलाफ निगम में मोर्चा खोलने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि किसी भी सूरत में प्रापर्टी टैक्स को लागू करने की दिशा में निगम को आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा।
उधर, जनरल हाउस में विकास कार्यों, नगर निगम में कचरा उठाने वाले आटो चालकों को परेशान करने, तवी नदी में कचरा फेंकने, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को सिर्फ मुख्य सड़कों तक सीमित रखने जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। इस बैठक के हंगामेदार रहने के आसार हैं। फिलहाल मीडिया को जनरल हाउस में जाने की अनुमति नहीं दी गई है।