बिहार में भाजपा और एनडीए की जीत पर बांटी मिठाई
संवाद सहयोगी बिश्नाह भाजपा को बिहार विधानसभा चुनाव और अन्य राज्यों में हुए उपचुनाव में मि
संवाद सहयोगी, बिश्नाह: भाजपा को बिहार विधानसभा चुनाव और अन्य राज्यों में हुए उपचुनाव में मिली भारी जीत पर बिश्नाह में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों में मिठाई वितरित कर खुशी का इजहार किया। ढोल की थाप पर नाचते-गाते पूरे कस्बे में कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई। पूर्व विधायक अश्विनी शर्मा के साथ बिश्नाह के मंडल प्रधान के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता इस मौके पर मौजूद थे।
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के पक्ष में नारे भी लगाए। वहीं, कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अश्विनी कुमार शर्मा ने कहा है कि बिहार में से मिले प्रचंड जनसमर्थन के बाद बिहार के नीतिश कुमार एक बार फिर वहां मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। इसके लिए वहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम किया है, जो चुनाव के नतीजे के रूप में नजर आ रहा है। नीतिश कुमार राष्ट्रवादी सोच के हैं। उनके नेतृत्व में फिर से बिहार में विकास की बयार बहेगी। देश में राष्ट्रवादी सोच रखने वाले लोग देश का संचालन करेंगे। अब जनता को यह बात समझ में आ गई है, इसलिए वह अन्य पार्टियों को नकार रही है। जो भी देश के खिलाफ जाएगा और संविधान से ऊपर उठकर काम करेगा, उसे जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। इसलिए यह हम सब के लिए गर्व की बात है और हम विश्वास जताते हैं कि बिहार में जीत दिलाने वाले वोटरों को कभी निराश नहीं होना पड़ेगा। इस मौके पर विजय सैनी, सुरेंद्र सिंह, राजन शर्मा, जय भारत, रमेश, प्रेम पाल शर्मा, कोमलजीत, महिला विग की मीना कुमारी सहित कई लोग मौजूद थे।