Amarnath Yatra: आठवें जत्थे में 4773 श्रद्धालु यात्रा पर रवाना Jammu News
यात्रा के आधार शिविर यात्री निवास भगवती नगर जम्मू से यात्रा के आठवें दिन रविवार सुबह 4773 श्रद्धालुओं का जत्था 213 वाहनों में सवार होकर पहलगाम और बालटाल के लिए रवाना हुआ।
जम्मू, जेएनएन। बाबा अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह लगातार बरकरार है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अभी तक 82 हजार के करीब श्रद्धालु पवित्र गुफा में शिवलिंग के दर्शन कर चुके हैं। उम्मीद है कि सोमवार तक यात्रा का आंकड़ा एक लाख पार कर जाएगा।
यात्रा के आधार शिविर यात्री निवास भगवती नगर जम्मू से यात्रा के आठवें दिन रविवार सुबह 4773 श्रद्धालुओं का जत्था 213 वाहनों में सवार होकर पहलगाम और बालटाल के लिए रवाना हुआ। बालटाल मार्ग से कुल 2022 श्रद्धालु रवाना हुए जिसमें 1466 पुरुष, 507 महिलाएं और 49 साधु शामिल थे। वहीं पहलगाम यात्रा मार्ग से कुल 2751 श्रद्धालु रवाना हुए। इसमें 1975 पुरुष, 563 महिलाएं, 24 बच्चे और 189 साधु शामिल थे।
रविवार सुबह जब जत्था रवाना किया गया तब मौसम साफ था। जम्मू से बटोत के बीच भी मौसम पूरी तरह से साफ है। पहलगाम से पवित्र गुफा मार्ग पर बादल छाए हुए हैं। वहीं बालटाल से पवित्र गुफा के मार्ग पर भी बादल छाए हुए हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इन दोनों मार्ग पर शाम बाद बारिश होने की संभावना है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह सुरक्षाबल पूरी मुस्तैदी से तैनात हैं जबकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह देशभर से आए लंगर कमेटियों ने श्रद्धालुओं के लिए लंगर लगाए हैं।