विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'रुखी कन्नक नेई खायां...', झिड़ी मेले के मंच पर जीवंत हुई बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी की अमर गाथा; दर्शक हुए भावुक

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:00 PM (IST)

Jhiri Mela 2026: झिड़ी मेले में 'आज़ाद परिंदे कला मंच' द्वारा प्रस्तुत नाटक 'रुखी कन्नक नेई खायां' ने बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी की संघर्षपूर्ण गाथा को जीवंत किया। 

झिड़ी मेले की रौनक के बीच मंच पर जीवंत हुई बाबा जित्तो की कहानी। (फोटो- जागरण)

झिड़ी मेले की रौनक के बीच मंच पर जीवंत हुई बाबा जित्तो की कहानी। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. झिड़ी मेले में बाबा जित्तो की लोकगाथा का मंचन।

  2. 'रुखी कन्नक नेई खायां' नाटक ने दर्शकों को भावुक किया।

  3. किसानों के स्वाभिमान और न्याय के लिए संघर्ष का संदेश।

जाागरण संवाददाता, जम्मू। झिड़ी मेले में जहां चारों ओर श्रद्धा, भक्ति और लोक संस्कृति के रंग बिखरे हुए हैं, वहीं रंगमंच पर बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी की संघर्षपूर्ण गाथा ने मेले के माहौल को एक अलग ही भावनात्मक रंग दे दिया। आज़ाद परिंदे कला मंच की ओर से प्रस्तुत नाटक ‘रुखी कन्नक नेई खायां’ ने दर्शकों को न केवल अपनी ओर आकर्षित किया, बल्कि उन्हें उस दौर में ले गया, जब एक किसान ने अपने अधिकार, स्वाभिमान और न्याय के लिए अन्याय के सामने झुकने से इंकार कर दिया था।

सूचना विभाग की ओर से आयोजित दस दिवसीय झिड़ी मेले के अवसर पर हुई इस प्रस्तुति ने मेले की सांस्कृतिक रौनक में चार चांद लगा दिए। बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के बीच उनकी जीवनगाथा को नाटक के माध्यम से प्रस्तुत करना अपने आप में विशेष महत्व रखता है।

मेले में आने वाले श्रद्धालु जहां मंदिरों में माथा टेककर आशीर्वाद लेते हैं, वहीं इस नाट्य प्रस्तुति ने उन्हें इन लोकनायकों के संघर्ष और आदर्शों से रूबरू होने का अवसर भी दिया।

कलाकारों के दमदार अभिनय और संवादों ने बांधे रखे दर्शक

जगदीप दुबे द्वारा लिखित इस नाटक का निर्देशन मोहित सिंह चिब ने किया, जबकि ईशान मनसोत्रा सहायक निर्देशक रहे। मंच पर मुकेश बख्शी ने बाबा जित्तो, विवेक सांगोत्रा ने इस्सो और आध्या वजीर ने बुआ कौड़ी की भूमिका निभाई। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय और प्रभावशाली संवादों से कथा के दर्द, संघर्ष और भावनात्मक पहलुओं को इस तरह प्रस्तुत किया कि दर्शक नाटक के घटनाक्रम से जुड़ते चले गए।

‘रुखी कन्नक नेई खायां’ में मेहनतकश किसानों की आवाज को मिला मंच

नाटक का शीर्षक 'रुखी कन्नक नेई खायां' ही अपने भीतर एक गहरी पीड़ा और दृढ़ संकल्प समेटे हुए है। यह केवल एक किसान की कहानी नहीं, बल्कि उस मेहनतकश वर्ग की आवाज है, जो अपनी मेहनत का उचित हिस्सा और सम्मान चाहता है।

बाबा जित्तो की गाथा के माध्यम से कलाकारों ने यह संदेश दिया कि किसान केवल अन्न पैदा करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज की अर्थव्यवस्था और जीवन का आधार है। उसकी मेहनत, अधिकार और आत्मसम्मान का सम्मान होना चाहिए।

मेले में सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और आगे बढ़ाने की पहल

झिड़ी मेले जैसे बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में इस तरह की प्रस्तुति ने यह भी साबित किया कि मेले केवल धार्मिक आस्था के केंद्र नहीं होते, बल्कि लोक इतिहास, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के सशक्त माध्यम भी हैं। बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी की गाथा को मंच पर देखकर दर्शकों को अपनी मिट्टी, अपनी लोक परंपरा और अपने नायकों से जुड़ने का अवसर मिला।

मंच सज्जा और प्रस्तुति की प्रभावशीलता ने नाटक को और आकर्षक बनाया। सिमरन कौर ने मेकअप तथा रोमा ने वेशभूषा की जिम्मेदारी निभाई। कलाकारों की भावपूर्ण अदाकारी, निर्देशन और मंच परिकल्पना ने मिलकर इस प्रस्तुति को यादगार बना दिया।

इस तरह झिड़ी मेले की चहल-पहल और श्रद्धा के माहौल के बीच ‘रुखी कन्नक नेई खायां’ ने दर्शकों को मनोरंजन के साथ एक ऐसा संदेश दिया, जो समय की सीमाओं से परे है। मेहनत का सम्मान, अपने हक के लिए संघर्ष और अन्याय के सामने कभी न झुकने का संकल्प।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।