जम्मू-कश्मीर में मनाया जाएगा सप्ताहिक 'आजादी का अमृत महोत्सव'
आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 75 सूफी और विरासत स्थलों का विकास किया जाएगा। इसके अलावा 75 सड़कों और 75 स्कूलों का नामकरण स्थानीय गुमनाम नायकों के नाम पर किया जाएगा।कुल मिलाकर जम्मू-कश्मीर अगले 365 दिनों के लिए 75 गतिविधियों के अभियान का आयोजन करेगा
जम्मू, राज्य ब्यूरो । केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला ने शनिवार को केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत समारोहों की समीक्षा की। मुख्य सचिव जम्मू-कश्मीर डॉ अरुण कुमार मेहता ने बैठक में भाग लिया।
बैठक में गृह, सामान्य प्रशासन, संस्कृति तथा युवा सेवा एवं खेल विभाग के प्रशासनिक सचिव भी उपस्थित थे।मुख्य सचिव डा. अरुण कुमार मेहता ने इस वर्ष जम्मू और कश्मीर में स्वतंत्रता दिवस समारोह के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 28,000 संस्थानों के लगभग 10 लाख युवाओं ने इनमें भाग लिया। उन्होंने श्रीनगर शहर की देखरेख में हरि पर्वत पर 100 फीट का झंडा फहराने की भी बात कही।
सांस्कृतिक परंपराओं और विरासत को पुनर्जीवित करने के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे
डा. मेहता ने बताया कि 1947 के बाद से उपलब्धियों को प्रदर्शित करने और जम्मू-कश्मीर में युवाओं के जुड़ाव को बढ़ावा देने के लिए, आजादी का अमृत महोत्सव के तहत एक सप्ताह तक चलने वाले उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस उत्सव के दौरान, डल, वूलर, मनसाबल, सरूईसर और मानसर झीलों के साथ-साथ रंजीत सागर डैम में हाउसबोट और वाटर स्पोट्र्स फेस्टिवल के माध्यम से जम्मू-कश्मीर का जादू फिर से पूरे देश में बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, केंद्र शासित प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और विरासत को पुनर्जीवित करने के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
जम्मू और कश्मीर दोनों में 3 महीने का पर्यटन उत्सव भी आयोजित किया जाएगा
आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 75 सूफी और विरासत स्थलों का विकास किया जाएगा। इसके अलावा 75 सड़कों और 75 स्कूलों का नामकरण स्थानीय गुमनाम नायकों के नाम पर किया जाएगा।कुल मिलाकर, जम्मू-कश्मीर अगले 365 दिनों के लिए 75 गतिविधियों के अभियान का आयोजन करेगा जिसमें प्रत्येक में 75 कार्यक्रम होंगे। केंद्र शासित प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए जम्मू और कश्मीर दोनों में 3 महीने का पर्यटन उत्सव भी आयोजित किया जाएगा। विभिन्न आयोजनों के माध्यम से 17.5 लाख लोगों की भागीदारी के अवसर पैदा होंगे।