Kashmir: अवंतीपोरा में 20 कनाल भूमि पर लगी अफीम की खेती पुलिस ने की नष्ट, 5 गिरफ्तार
पुलिस की इस कार्रवाई काे आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों ने काफी सराहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह इन लोगों से काफी परेशानी थे।
श्रीनगर, जेएनएन। कश्मीर में आतंकवाद के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस ने नशे को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ भी मुहित छेड़ रखी है। घाटी में नशे का कारोबार कर रहे राष्ट्र विरोधी तत्वों के खिलाफ अपना कार्रवाई करते हुए अवंतीपोरा पुलिस ने अवैध अफीम की खेती को नष्ट करते हुए करीब पांच लोगों गिरफ्तार भी किया। अवंतीपोरा के गांव काखेरवन में यह खेती पांच कनाल से अधिक भूमि पर लगाई हुई थी।
पुलिस ने खेती को नष्ट करने के लिए ट्रैक्टर का इस्तेमाल किया। सारी अफीम की खेती को एक जगह इकट्ठा किया गया और बाद में उसे सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। यही नहीं खेती लगाने वाले जिन पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान शौकत अहमद मीर, नजीर अहमद मीर, गुलाम मोहम्मद मीर सभी निवासी वखरवान, मोहम्मद सबान, गुलाम हसन शेख दो निवासी ख्वानी के तौर पर हुई है।
पुलिस की इस कार्रवाई काे आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों ने काफी सराहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह इन लोगों से काफी परेशानी थे। उनके द्वारा खेतों में की जा रही अफीम की खेती की वजह से उनके बच्चों पर बुरा असर पड़ रहा था। वे नशे का यह कारोबार देश के दूसरे राज्यों में तो फैला ही रहे थे, स्थानीय युवा भी इस बुरी आदत का हिस्सा बन रहे थे।
वहीं पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कश्मीर में बढ़ता नशे का यह कारोबार भी आतंकवाद का कारण बन रहा है। नशे की लत में फंसे युवा रूपयों के लिए आतंकवाद का रास्ता अपनाने को मजबूर हो रहे हैं। आइजीपी विजय कुमार ने कहा कि घाटी में यह अभियान पहले भी जारी रहते थे, अब इनमें और तेजी लाई जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने इलाकों में नजर रखने की हिदायत दी गई है।