सेना ने माना जवानों ने जाने-अनजाने पास की औरंगजेब की जानकारी
पिछले वर्ष जून में राइफलमैन औरंगजेब ईद से एक दिन पूर्व पुलवमा से अपने घर पुंछ जा रहे थे, लेकिन रास्ते में आतंकियों ने उनका अपहरण कर हत्या कर दी थी।
ऊधमपुर, जागरण संवाददाता। शहीद राइफलमैन औरंगजेब के मामले में सेना ने पहली बार बयान दिया। उत्तरी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने कहा कि एक से दो जवानों ने जाने या अनजाने में औरंगजेब की गतिविधि से संबंधित जानकारी पास की। शायद इसे आतंकियों ने पिक कर फायदा उठाया। जांच जारी है और जानकारियां आने पर साझा किया जाएगा। लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह उत्तरी कमान मुख्यालय ऊधमपुर में हुए अलंकरण समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। बता दें कि पिछले वर्ष जून में राइफलमैन औरंगजेब ईद से एक दिन पूर्व पुलवमा से अपने घर पुंछ जा रहे थे, लेकिन रास्ते में आतंकियों ने उनका अपहरण कर हत्या कर दी थी।
राजनेताओं के बयानों से सेना के अभियान प्रभावित नहीं होते
कश्मीर में मेजर शुक्ला को लेकर जारी सियासत के बारे में पूछे जाने पर उत्तरी कमान प्रमुख ने कहा कि विभिन्न घटनाओं पर राजनेता बयान देते हैं। सेना अपने अभियान पेशेवर तरीके से अंजाम देती है। हर जवान के लिए अभियानों को संचालित करने के लिए एसओपी बने हैं। गलत करने वाले पर कार्रवाई की जाती है। सेना के जवानों का मनोबल ऊंचा है। इस तरह के बयानों से सेना प्रभावित नहीं होती। बता दें कि पीडीपी अध्यक्ष महबूबा ने मेजर शुक्ला पर घाटी में युवक की पिटाई का आरोप लगाया था।
पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक जैसे सभी विकल्प खुले
उत्तरी कमान प्रमुख ने कहा कि पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक अभियान जैसे सभी विकल्प खुले हैं। यह सब स्थिति व उसके मुताबिक लिए गए फैसलों पर निर्भर करता है। सर्जिकल स्ट्राइक से आतंकी ढांचे में कमी आने की उम्मीद नहीं थी। यह एक स्ट्रेटिजिक संदेश देने के लिए था कि भारतीय सेना किसी भी कार्रवाई को अंजाम देने में सक्षम है। यह संदेश बखूबी दिया। पाकिस्तान और पाक सेना भारत में आतंक फैलाने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें, ऐसा होगा तो मुंहतोड़ जबाव दिया जाएगा। ऐसा किया भी जा रहा है।