अमित शाह की रैली अब भगवती नगर में नहीं जम्मू यूनिवर्सिटी के जनरल जोरावर सिंह आडिटोरियम में होगी, यह है इसकी वजह
अमित शाह रविवार को जम्मू पहुंचेंगे और करीब साढ़े ग्यारह बजे जनरल जाेरावर सिंह आडिटोरियम में कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। बाद में अमित शाह आइआइटी नगरोटा जम्मू में ब्लाक का उद्धाटन करेंगे और नए ब्लाक का नींव पत्थर भी रखेंगे।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। बारिश के कारण केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रैली स्थल को बदल दिया गया है। जम्मू कश्मीर के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे शाह ने रविवार को जम्मू के भगवती नगर में रैली को संबोधित करना था। अब जम्मू के भगवती नगर में रैली नहीं होगी।
प्रदेश भाजपा ने रैली में एक लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था लेकिन बारिश के कारण रैली को रद कर दिया गया। अब कार्यक्रम जम्मू विश्वविद्यालय के जनरल जोरावर सिंह आडिटोरियम में होगा। आडिटोरियम में सीटिंग क्षमता दो हजार के करीब है। इसलिए सीमित संख्या में ही लोगों को शामिल किया जाएगा। आज सुबह भारी बारिश व ओलावृष्टि को देखते हुए भगवती नगर में रैली को रद करने का फैसला किया गया।
भगवती नगर में रैली का मंच समेत सारी तैयारियां कर ली गई थी लेकिन बारिश के कारण ग्राउंड में मंच को नुकसान पहुंचा। ग्राउंड में पानी भर गया और कीचड़ हो गया। सारी तैयारियां धरी की धरी रह गई। अमित शाह रविवार को जम्मू पहुंचेंगे और करीब साढ़े ग्यारह बजे जनरल जाेरावर सिंह आडिटोरियम में कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। वह ऊधमपुर व हंदवाड़ा के मेडिकल कालेजों का ई नींव पत्थर भी रखेंगे। बाद में अमित शाह आइआइटी, नगरोटा, जम्मू में ब्लाक का उद्धाटन करेंगे और नए ब्लाक का नींव पत्थर भी रखेंगे।
वह गुरुद्वारा डिग्यािना आश्रम में माथा टेकने के लिए भी जाएंगे। शाह के दौरे को देखते हुए जम्मू में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। प्रदेश भाजपा के प्रधान रविंद्र रैना ने कहा कि बारिश के कारण भगवती नगर में रैली को रद करना पड़ रहा है। इससे कार्यकर्ता निराश हुए है। बड़ी संख्या में लोग राजौरी से बसों में सवार होकर रैली के लिए आ रहे थे। बारिश के कारण कार्यक्रम सीमित हो जाएगा।