बाबा अमरनाथ की यात्रा अंतिम पड़ाव पर, 22 अगस्त को श्रीनगर से निकलेगी छड़ी मुबारक; 28 को पवित्र गुफा पहुंचेगी
बाबा अमरनाथ यात्रा अपने अंतिम चरण में है, पवित्र छड़ी मुबारक 22 अगस्त को श्रीनगर से पहलगाम के लिए रवाना ...और पढ़ें

57 दिन की अमरनाथ यात्रा में समय से पहले लगा विराम। (फाइल फोटो)
HighLights
पवित्र छड़ी मुबारक 22 अगस्त को श्रीनगर से रवाना होगी।
28 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा पर यात्रा का समापन।
मौसम के कारण यात्रा एक पखवाड़े से स्थगित है।
राज्य ब्यूरो, जागरण, जम्मू। बाबा अमरनाथ की वार्षिक यात्रा अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। श्री अमरनाथ की पवित्र छड़ी, श्रीनगर के दशनामी अखाड़ा के महंत एव पवित्र छड़ी के संरक्षक दीपेंद्र गिरि के नेतृत्व मे 22 अगस्त शनिवार को श्रीनगर से रवाना होकर उसी दिन पहलगाम पहुंचेगी।
28 अगस्त को रक्षा बंधन पर श्रावण पूर्णिमा के शुभ दिन पवित्र छड़ी श्री अमरनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन करेगी। इसके साथ ही यात्रा संपन्न हो जाएगी।
24 अगस्त को चंदनवाड़ी पहुंचेगी
निर्धारित शेड्यूल के तहत 22 और 23 अगस्त को पहलगाम में प्रवास के बाद 24 अगस्त को छड़ी मुबारक चंदनवाड़ी पहुंचेगी। 25 अगस्त को शेषनाग में रात्रि विश्राम होगा, जबकि 26 और 27 अगस्त को पंचतरणी में रात्रि विश्राम करेगी।
28 अगस्त को गुफा में छड़ी मुबारक की पूजा
28 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा पर पवित्र छड़ी श्री अमरनाथ की पवित्र गुफा पहुंचेगी। वहां पूजा के साथ ही यात्रा को अगले वर्ष तक के लिए विराम दिया जाएगा।
अब मौसम के कारण यात्रा पर विराम
वैसे मौसम की चुनौतियों के कारण प्रशासन ने बाबा अमरनाथ यात्रा एक पखवाड़े से स्थगित की हुई है। ज्यादातर भंडारा संगठन भी लौट चुके हैं। इस बार यात्रा के शुरुआती दिनों में श्रद्धालुओं में भारी उत्साह नजर आया। अब तक 4.85 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं।
तीन जुलाई से शुरू हुई बाबा अमरनाथ की यात्रा इस बार 57 दिन की है लेकिन पहलगाम व बालटाल मार्गों की मरम्मत के मद्देनजर यात्रा को कुछ दिन पहले ही बंद कर दिया गया था।
