अमरनाथ यात्रियों के दोनों जत्थे तीन घंटे में जिले से पार हुए
बालटाल मार्ग से जाने वाले जत्थे का एक वाहन ऊधमपुर के रैंबल थाना क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होने से बालटाल के जत्थे के वाहन कुछ देरी से गुजरे।
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर। वीरवार को अमरनाथ यात्रा के दोनों जत्थे ऊधमपुर की सीमा से तीन घंटे में पार हुए। बालटाल मार्ग से जाने वाले जत्थे का एक वाहन ऊधमपुर के रैंबल थाना क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होने से बालटाल के जत्थे के वाहन कुछ देरी से गुजरे।
बालटाल मार्ग से जाने वाले जत्थे में 340 महिलाओं सहित कुल 1202 शिव भक्त थे। जो 23 बसों और 22 छोटे यात्री वाहन में सवार थे। जत्थे के अगले सिरे ने सुबह 4.15 पर जिला की सीमा में प्रवेश किया। जबकि पिछला हिस्सा 4.35 पर दाखिल हुई। इसी बीच पौने पांच बजे के करीब यात्रा जत्थे का एक वाहन रैंबल थाना क्षेत्र में हाईवे बाईपास पर बिरमा पुल के पास खड़े ट्रक से टकरा गया।
जिस वजह से सुरक्षा दस्ते सहित अमरनाथ यात्रियों के कुछ वाहन मदद के लिए रुक गए। क्यूआरटी के आने पर वह फिर से आगे बढ़ गए। सुबह 6.08 पर इस जत्थे का हेड चिनैनी नाशरी टनल में दाखिल हुआ और 6.40 पर टेल भी टनल के अंदर चली गई।
पहलगाम वाले 342 महिलाएं, 1673 पुरुष, 196 साधु, पांच साध्वियां और एक किन्नर सहित 2217 श्रद्धालु थे। 44 बसों और 36 छोटे यात्री वाहनों समेत कुल 80 वाहनों वाले इस जत्थे का हेड 4.50 पर और टेल 5.25 पर दाखिल पहुंची।
जिला में यात्रा मार्ग को पार कर सुबह 6.30 पर हेड़ और 7.15 पर टेल चिनैनी नाशरी टनल में दाखिल होकर पार चली गई। कुल मिला कर दोनों जत्थों ने तीन घंटों में जिला में 51 किलोमीटर यात्रा मार्ग को पार किया।