Move to Jagran APP

भारत बचाओ यात्रा को जम्मू पहुंचे अमर सिंह को गुलाम कश्मीर के विस्थापितों ने घेरा

पूर्व सांसद और समाजवादी पार्टी के महासचिव रह चुके अमर सिंह को गुलाम कश्मीर के विस्थापितों के विरोध का सामना करना पड़ा।

By Preeti jhaEdited By: Published: Mon, 19 Feb 2018 10:03 AM (IST)Updated: Mon, 19 Feb 2018 02:20 PM (IST)
भारत बचाओ यात्रा को जम्मू पहुंचे अमर सिंह को गुलाम कश्मीर के विस्थापितों ने घेरा

जम्मू, जागरण संवाददाता। पूर्व सांसद और समाजवादी पार्टी के महासचिव रह चुके अमर सिंह को गुलाम कश्मीर के विस्थापितों के विरोध का सामना करना पड़ा। वह राष्ट्र निर्माण संगठन की ओर से भारत बचाओ यात्रा के शुभारंभ समारोह में भाग लेने रविवार को जम्मू पहुंचे थे।

loksabha election banner

यात्रा का मकसद लोगों को बढ़ती जनसंख्या को लेकर जागरूक करना था। मगर सभा में हंगामा मच गया, जब अमर सिंह ने महज कश्मीरी पंडितों के दर्द का ही जिक्र किया। इस पर गुलाम कश्मीर के विस्थापित विरोध में बोल उठे। पुलिस ने स्थिति को संभाला। अमर सिंह ने पहले हिंदुओं की दशा पर रोशनी डाली और कहा कि पाकिस्तान में हिंदुओं की हालत दयनीय है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर की जब बात छेड़ी तो कश्मीरी पंडितों के पलायन का जिक्र करते हुए कहा कि कश्मीरी पंडित आज भी देश के अलग-अलग हिस्सों में दरबदर हो रहे हैं। ऐसे में गुलाम कश्मीर के विस्थापित उठ खड़े हुए और विरोध के स्वर में उतर आए।

सभा में बड़ी संख्या में यह लोग भी पहुंचे हुए थे। उन्होंने अमर सिंह को घेर लिया। विस्थापितों का कहना था कि हमेशा ही नेताओं को कश्मीरी पंडितों की याद आती है जो आज भी अपने घरों को आ जा सकते हैं। मगर गुलाम कश्मीर के विस्थापितों की याद नही आती जो गुलाम कश्मीर में अपने घर और संपत्ति छोड़कर आए हैं। यह लोग अपने पूर्वजों के घर नहीं जा सकते। 70 साल बाद भी इन लोगों का पुनर्वास नहीं हो पाया। गुलाम कश्मीर के विस्थापितों की संस्था एसओएस इंटरनेशनल के चेयरमैन राजीव चुन्नी ने कहा कि इन लोगों के दर्द को भी महसूस किया जाए जो कठिन परिस्थितियों से होकर गुजरे हैं। मौके पर पुलिस ने स्थिति को सामान्य बनाया।

जम्मू से शुरू हुई भारत बचाओ यात्रा:

बढ़ती जनसंख्या को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए राष्ट्र निर्माण संगठन ने रविवार को जम्मू के वेद मंदिर से भारत बचाओ यात्रा का शुभारंभ किया। इस यात्रा में स्थानीय और देश के अलग-अलग हिस्सों से आए लोग शामिल हुए। दर्जनों वाहनों में सवार होकर वे भारत माता जयघोष करते हुए कन्याकुमारी के लिए रवाना हुए। यह यात्रा विभिन्न राज्यों से होते हुए 22 मार्च को कन्याकुमारी पहुंचेगी और वहां से दिल्ली लौटेगी। यात्रा की रवानगी भारत माता की जयघोष के साथ हुई।

राष्ट्र निर्माण संगठन के प्रधान सुरेश चौहान इस यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। यात्रा के दौरान मार्ग में एक हजार सभाएं की जाएंगी और लोगों को बढ़ती जनसंख्या के दुष्प्रभाव से अवगत कराया जाएगा। लोगों को हम दो हमारे दो की अवधारणा को पालन करने के लिए जागरूक किया जाएगा। यात्रा से रवाना होने से पूर्व सुरेश चौहान ने कहा कि जनसंख्या लगातार बढ़ रही है, जो देश के विकास में रुकावट है। आज हम सबको हम दो हमारे दो के स्लोगन को लेकर चलना होगा। हिंदू लोग इसका पालन कर रहे हैं, मगर समुदाय विशेष के लोग इस पर अमल नहीं कर रहे हैं। जेहाद फैलाया जा रहा है। यह सब बातें इस देश में अब नहीं चलेंगी।

चौहान ने कहा कि देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाया जाए और इस मांग को सशक्तकरने के लिए भारत बचाओ यात्रा निकाली जा रही है।चौहान ने जम्मू के ब्राह्माण सभा के बाहर से यात्रा निकालने की अनुमति नहीं दिए जाने पर सरकार की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि वह डरने वाले नहीं हैं। देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून बनवा कर ही दम लेंगे। कानून बन जाने के बाद वह जम्मू में फिर आएंगे और यहां कार्यक्रम का आयोजन करेंगे। कानून बनवाने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत दस करोड़ हस्ताक्षर कराए जाएंगे और प्रधानमंत्री को भेजे जाएंगे। इस मौके पर दिनेश भारती व कर्नल टीके त्यागी भी उपस्थित थे। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.