देश के टॉप-10 स्वच्छ शहरों में आने को बेताब जम्मू, नगर निगम ने बनाया प्लान; घरों से बाजारों तक बदलेगी व्यवस्था
जम्मू नगर निगम स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में शीर्ष-10 में जगह बनाने के लिए प्रयासरत है, जिसमें शत-प्रतिशत वैज्ञानिक कचरा निस्तारण ...और पढ़ें

स्वच्छ सर्वेक्षण में TOP 10 में जगह बनाने को जम्मू निगम की कमर कसी। (AI Generated)
HighLights
जम्मू निगम का स्वच्छ सर्वेक्षण में शीर्ष 10 का लक्ष्य।
शत-प्रतिशत वैज्ञानिक कचरा निस्तारण, गीला-सूखा अलग करने पर जोर।
ऑनलाइन यूजर चार्ज वसूली, जन जागरूकता अभियान तेज।
जागरण संवाददाता, जम्मू। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के आगामी परिणामों में देश के शीर्ष-10 स्वच्छ शहरों में शामिल होने के लिए जम्मू नगर निगम ने पूरी ताकत झोंक दी है। पिछले सर्वेक्षण में 42वें स्थान पर रहे जम्मू की रैंकिंग सुधारने के लिए अब शत-प्रतिशत वैज्ञानिक कचरा निस्तारण और घर से ही गीला-सूखा कचरा अलग-अलग लेने पर मुख्य जोर दिया जा रहा है। शहर से प्रतिदिन निकलने वाले 350 से 400 मीट्रिक टन कचरे में से करीब 50 प्रतिशत का निस्तारण बंधु रक्ख व नरवाल की खाद इकाइयों तथा बड़े संस्थानों के स्तर पर हो रहा है।
वहीं, शहर के बाहरी क्षेत्र कोट भलवाल स्थित मुख्य प्लांट में फिलहाल रोजाना लगभग 100 मीट्रिक टन सूखा कचरा प्रोसेस हो रहा है। शेष कचरे के लिए 350 टीपीडी का एकीकृत प्लांट और गीले कचरे हेतु 200 टीपीडी क्षमता का सीबीजी वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट प्रस्तावित है।
गीला-सूखा कचरा अलग करना अनिवार्य
निगम के अनुसार वर्तमान में करीब 30 प्रतिशत आबादी ही कचरा अलग करके दे रही है। शीर्ष-10 में पहुंचने के लिए इसे 100 प्रतिशत करना जरूरी है। इसके लिए निगम की टीमें मुहल्लों में जागरूकता फैलाने के साथ अब सख्ती भी बरतेंगी। इसके अलावा सड़क किनारों से कचरा प्वाइंट हटाने, सार्वजनिक शौचालयों की निगरानी बढ़ाने और सर्वेक्षण दस्तावेज अपलोड करने का काम तेज कर दिया गया है।
अब क्यूआर कोड व ऐप से दें यूजर चार्ज
पारदर्शिता बढ़ाने के लिए निगम ने यूजर चार्ज वसूली पूरी तरह आनलाइन कर दी है।
निर्धारित मासिक शुल्क
-आवासीय व छोटे प्रतिष्ठान : 2000 वर्ग फीट तक के घर व रेहड़ी से 100, बड़े घरों से 200 और खाने-पीने की दुकानों से 500 रुपये।
-संस्थान व व्यवसाय : रेस्टोरेंट व धार्मिक/चैरिटेबल संस्थानों से 1000, कमर्शियल आफिस व बैंकों से 1800, गेस्ट हाउस, पीजी, छोटी इंडस्ट्री, सर्विस स्टेशन, डेयरी, क्लिनिक व लैब से 2000 रुपये।
-बड़े प्रतिष्ठान : नर्सिंग होम से ₹2500, आटोमोबाइल शोरूम व थ्री स्टार होटल से 3000, गोदाम व कोल्ड स्टोरेज से 4000 और मैरिज हाल व अस्पतालों से 5000 रुपये।
206 पायदान की छलांग के बाद अब TOP-10 का लक्ष्य
स्वच्छ सर्वेक्षण में जम्मू वर्ष 2017 में 251वें, 2018 में 212वें, 2019 में 329वें, 2020 में 224वें, 2021 में 169वें, 2022 में 199वें और 2023 में 248वें स्थान पर रहा था।
हालांकि, जुलाई 2025 में घोषित 2024 के परिणामों में शहर ने 206 पायदान की छलांग लगाकर 42वां स्थान हासिल किया था, जबकि दो दिन पहले ही इसे क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है।
जम्मू को टॉप-10 में लाने के लिए नागरिकों की भागीदारी जरूरी
ज्वाइंट कमिश्नर (हेल्थ एंड सेनिटेशन), जेएमसी अब्दुल स्तार ने बताया कि डोर-टू-डोर कचरा उठाने की प्रक्रिया सफल रही है, लेकिन अब हर घर से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग लेना अनिवार्य करना होगा। शीर्ष-10 शहरों में जगह बनाने के लिए नागरिकों को स्वच्छता को अपनी दिनचर्या और व्यवहार में शामिल करना होगा।
हेल्थ आफिसर, जेएमसी डा. शाहिद हुसैन ने बताया कि सड़कों, गलियों किनारे लगने वाले ढेर बंद करवाए जा रहे हैं। कोशिश की जा रही है कि छोटे वाहन सीधे ही कचरा निस्तारण प्वाइंट तक पहुंचे। कुछ स्थानों पर टिप्परों से कचरा उठाना पड़ रहा है। उनका विकल्प देख रहे हैं। स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर सख्ती शुरू कर दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।