Amarnath Yatra 2020: अमरनाथ यात्रा पर असमंजस कायम, एडवांस पंजीकरण चार मई तक स्थगित
Amarnath Yatra. इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 23 जून से प्रस्तावित है। 42 दिन चलने वाली यह यात्रा तीन अगस्त को रक्षाबंधन के दिन विराम लेगी।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। Amarnath Yatra. कोरोना संक्रमण का असर बाबा अमरनाथ यात्रा पर भी पड़ता दिख रहा है। इसके चलते एडवांस पंजीकरण चार मई तक टाल दिया गया है। देशभर की बैंक शाखाओं में पंजीकरण की व्यवस्था की गई थी। यह पंजीकरण एक अप्रैल से आरंभ होना था। लॉकडाउन के चलते इसे 15 अप्रैल कर दिया गया। अब लॉकडाउन बढ़ने के बाद पंजीकरण को फिर से टाल दिया गया है। अब श्राइन बोर्ड तीन मई को आगामी फैसला लेगा। इसके अलावा यात्रा की अन्य तैयारियां भी प्रभावित होना लाजिमी है।
गौरतलब है कि इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 23 जून से प्रस्तावित है। 42 दिन चलने वाली यह यात्रा तीन अगस्त को रक्षाबंधन के दिन विराम लेगी। देशभर से लाखों श्रद्धालु बाबा अमरनाथ के दर्शनों के लिए यहां पहुंचते हैं। केंद्रशासित प्रदेश बनने के बाद जम्मू कश्मीर की यह पहली बाबा अमरनाथ यात्रा है। पंजीकरण से पहले श्रद्धालुओं को अस्पतालों में जाकर निर्धारित डॉक्टरों की टीमों से स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बनवाने पड़ते हैं। इस समय अस्पताल काफी व्यस्त हैं और अधिकतर अस्पताल कोविड अस्पताल घोषित किए जा रहे हैं। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड इस स्थिति पर नजर रखे हुए है।
442 बैंक शाखाओं में होगा पंजीकरण
देशभर के 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पंजाब नेशनल बैंक, जम्मू-कश्मीर बैंक और यस बैंक की 442 शाखाओं में एडवांस पंजीकरण के प्रबंध किए गए है। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनूप सोनी ने बताया कि यात्रा के लिए एडवांस पंजीकरण फिलहाल स्थगित किया गया है।
115 लंगर संगठनों ने किया है आवेदन
बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए प्रशासन और श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की फरवरी माह में कुछ बैठकें भी हुई थी। देशभर से 115 लंगर संगठनों ने यात्रा मार्ग पर लंगर चलाने के लिए आवेदन किया हुआ है, लेकिन कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन में तैयारियां थम गई है।
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को आठ और लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें जम्मू के एक निजी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर और वहीं काम कर रही एक महिला कर्मचारी भी शामिल है। उधर, कश्मीर में छह लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इन्हें मिलाकर प्रदेश में अब तक 278 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें जम्मू संभाग के 50 और कश्मीर के 220 मामले शामिल हैं। इनमें से चार लोगों की मौत भी हो चुकी है। इस बीच, कश्मीर में 14 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।