शादी सीजन में सेहत से खिलवाड़! जम्मू में 450 KG मिलावटी पनीर जब्त; दुकानदारों-कैटरर्स तक होनी थी सप्लाई
जम्मू में शादी के सीजन के दौरान सतवारी पुलिस ने दो बसों से लगभग 450 किलो संदिग्ध मिलावटी पनीर जब्त किया है। यह पनीर दुकानदारों और कैटरर्स को सप्लाई किया जाना था, जिससे लोगों के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता था।

जम्मू में बसों से पकड़ी गई 450 किलो पनीर की खेप। (फाइल फोटो)
HighLights
सतवारी पुलिस ने 450 किलो मिलावटी पनीर जब्त किया।
शादी सीजन में दुकानदारों, कैटरर्स को होनी थी सप्लाई।
मिलावटी पनीर से स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता है।
जागरण संवाददाता, जम्मू। शादियों के सीजन में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने के लिए मिलावटी खाद्य पदार्थों की सप्लाई का मामला सामने आया है। सतवारी पुलिस ने नाके के दौरान दो बसों से करीब 450 किलो संदिग्ध मिलावटी पनीर बरामद किया है। इतनी बड़ी मात्रा में पनीर की खेप मिलने से शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि कठुआ से दो बसों में पनीर की बड़ी खेप जम्मू लाई जा रही है, जिसे आगे विभिन्न दुकानदारों और कैटरर्स तक पहुंचाया जाना था।
इस पर सतवारी चौक में नाका लगाकर पुलिस ने बस नंबर जेके02सीबी-0237 और जेके02एडब्ल्यू-8355 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों बसों से करीब 450 किलो पनीर बरामद हुआ।
बसों में लावारिस हालत में मिली पनीर की खेप
पुलिस के अनुसार, बसों में पनीर की खेप के साथ कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। चालकों ने पूछताछ में बताया कि खेप को बस स्टैंड पर उतारा जाना था, जहां कुछ लोग इसे लेने पहुंचने वाले थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पनीर किसने बसों में रखवाया था और जम्मू में इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।
पुलिस ने दोनों बसों को कब्जे में लेकर पनीर की खेप संबंधित खाद्य विभाग को सौंप दी है। पुलिस का दावा है कि पनीर मिलावटी था। हालांकि, इसकी पुष्टि के लिए नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं।
सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है मिलावटी पनीर
पुलिस का कहना है कि शादियों और समारोहों में पनीर का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। ऐसे में यदि मिलावटी पनीर लोगों की थाली तक पहुंचता है तो यह स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। दूषित या असुरक्षित पनीर के सेवन से पेट दर्द, उल्टी, दस्त और फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों के लिए इसका खतरा अधिक हो सकता है।खाद्य विभाग अब नियमानुसार बरामद पनीर को नष्ट करने की कार्रवाई करेगा। वहीं, जांच रिपोर्ट से इसकी गुणवत्ता और मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।