लक्षद्वीप के प्रशासक और जम्मू-कश्मीर के पूर्व वार्ताकार दिनेश्वर शर्मा का निधन
दिनेश्वर शर्मा केरल कैडर में 1979 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आइपीएस) अधिकारी थे। उन्होंने 2014 में आइबी के 25वें निदेशक के रूप में पदभार संभाला था। आतंकवाद रोधी और उग्रवादरोधी अभियान में उन्हें महारत हासिल था। शर्मा को 1997 में भारतीय पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था।
जम्मू, जागरण न्यूज नेटवर्क: केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप के प्रशासक और जम्मू-कश्मीर के पूर्व वार्ताकार दिनेश्वर शर्मा का शुक्रवार को चेन्नई के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। हालांकि वह किस बीमारी से पीडि़त थे और किस अस्पताल में इलाजरत थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऊं शांति लिखकर शर्मा के परिवार के प्रति संवेदना और शोक जताया।
दिनेश्वर शर्मा केरल कैडर में 1979 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आइपीएस) अधिकारी थे। उन्होंने 2014 में आइबी के 25वें निदेशक के रूप में पदभार संभाला था। आतंकवाद रोधी और उग्रवादरोधी अभियान में उन्हें महारत हासिल था। शर्मा को 1997 में मेधावी सेवा के लिए प्रतिष्ठित भारतीय पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था। उसके बाद 2003 में राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए विशिष्ट सेवा पदक मिला।
शर्मा को पिछले साल अक्टूबर में केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप का का प्रशासक नियुक्त किया गया था। कुशल और प्रभावशाली आइपीएस अधिकारी होने के कारण वह मोदी सरकार के करीबी रहे। आतंकवाद और उग्रवाद प्रभावित इलाकों में काम करने में महारत हासिल होने के कारण मोदी सरकार ने उन्हें जम्मू-कश्मीर का वार्ताकार नियुक्त किया।
वे कई बाद जम्मू-कश्मीर आए और न केवल विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं से मुलाकात की, बल्कि अलगाववादी नेताओं और स्थानीय नागरिकों की नब्ज भी टटोली। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के सभी राजनीतिक दलों पर अपना प्रभाव छोड़ा। माना जाता है कि नए जम्मू-कश्मीर के निर्माण की पटकथा लिखने में कहीं न कहीं शर्मा का का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके निधन से जम्मू-कश्मीर में भी शोक की लहर है।