Weather Update: कश्मीर में रातें ठंडी, जम्मू में दिन अब भी गर्म; 5 नवंबर से बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार
जम्मू-कश्मीर में 10 नवंबर की शाम तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, हालांकि 5 और 10 नवंबर को कुछ ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में 5 और 10 नवंबर को हल्की बारिश-बर्फबारी संभव। (फाइल फोटो)
HighLights
जम्मू-कश्मीर में 10 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान।
5 और 10 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी संभव।
किसानों को कृषि कार्य जारी रखने की सलाह दी गई।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में मौसम शुष्क बना हुआ है और 10 नवंबर की शाम तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि 5 नवंबर की शाम को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 5 नवंबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे तथा शाम के समय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। इसके बाद 6 से 9 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
वहीं 10 और 11 नवंबर को मौसम आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। 10 नवंबर की देर दोपहर और शाम को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश तथा कश्मीर संभाग के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।
12 और 13 नवंबर को भी बादलों का डेरा
12 और 13 नवंबर को भी आसमान आंशिक से सामान्य रूप से बादलों से घिरा रह सकता है और कुछ एक स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए फसलों की कटाई और अन्य कृषि कार्य जारी रखें।
जम्मू-कश्मीर में मौसम शुष्क बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, आईएमडी द्वारा मंगलवार शाम जारी मौसम संबंधी आंकड़ों के अनुसार जम्मू में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि श्रीनगर में अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जम्मू संभाग में कटड़ा 28 डिग्री तापमान के साथ गर्म रहा। इसके अलावा बनिहाल में 23.7, भद्रवाह में 21.7 और बटोत में 23.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
जम्मू में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस
कश्मीर घाटी में कुपवाड़ा में अधिकतम तापमान 22.4, काजीगुंड में 21.5, पहलगाम में 18.6, कुकर्नाग में 19.5 और गुलमर्ग में 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान की बात करें तो गुलमर्ग में सबसे कम 0.5 डिग्री, पहलगाम में 1.5, श्रीनगर में 3.0 और कुपवाड़ा में 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं जम्मू में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम के शुष्क रहने के बीच कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जबकि जम्मू संभाग में दिन के समय गर्मी का असर बना हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।