जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सजा साहित्य और संस्कृति का मंच, LG मनोज सिन्हा ने किया उद्घाटन
कुलगाम में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने विशो महोत्सव का उद्घाटन किया, जिसका उद्देश्य जम्मू-कश्मीर की समृद्ध साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना है।
-1794415062843_m.webp)
कुलगाम में एलजी मनोज सिन्हा। फोटो जागरण
HighLights
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कुलगाम में विशो महोत्सव का उद्घाटन किया।
मौखिक परंपराओं के संरक्षण हेतु 'विशो आर्काइव' स्थापित करने का प्रस्ताव।
साहित्य को स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन से जोड़ने पर दिया जोर।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। कुलगाम में आयोजित विशो महोत्सव जम्मू-कश्मीर की समृद्ध साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने के साथ स्थानीय परंपराओं को व्यापक मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरा है।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को महोत्सव का उद्घाटन करते हुए जम्मू-कश्मीर को देश का प्रमुख सांस्कृतिक केंद्र बनाने का आह्वान किया। उन्होंने क्षेत्र की मौखिक परंपराओं, लोककथाओं, लोकगीतों और साहित्यिक धरोहर को संरक्षित करने के लिए ‘विशो आर्काइव’ स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा।
वर्ष 2023 में शुरू हुआ यह महोत्सव अब साहित्यकारों, कवियों, कलाकारों, शोधकर्ताओं और संस्कृति प्रेमियों के बीच संवाद एवं रचनात्मक आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। उद्घाटन समारोह में उपराज्यपाल ने कहा कि लेखकों और पाठकों की बढ़ती भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि विचारों और रचनात्मक अभिव्यक्ति की कोई भौगोलिक सीमा नहीं होती।
महान विभूतियों के योगदान को किया याद
कुलगाम की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र आध्यात्मिकता, प्रकृति, कला और मानवीय मूल्यों की ऐसी परंपरा का वाहक रहा है, जिसमें विभिन्न विचारधाराओं और समुदायों के बीच सह-अस्तित्व की भावना मजबूत रही है।
उन्होंने ऋषि-सूफी परंपरा को जम्मू-कश्मीर की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए योगिनी लल्लेश्वरी, नुंद ऋषि और सैयद हुसैन सिमनानी जैसी महान विभूतियों के योगदान को याद किया।
उपराज्यपाल के अनुसार, ऋषि-सूफी परंपरा का मूल संदेश मानवता, भाईचारे और आपसी संवाद में निहित है। यह परंपरा समाज को विभाजन के बजाय एकजुटता और टकराव के बजाय विचार-विमर्श का रास्ता दिखाती है। उन्होंने विशो महोत्सव को इसी सांस्कृतिक विरासत की समकालीन अभिव्यक्ति बताया।
पुरानी जीवनशैली और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिल रही
इस वर्ष के महोत्सव की खासियत साहित्य और कला को स्थानीय अर्थव्यवस्था तथा पारंपरिक आजीविका से जोड़ने का प्रयास है। यहां साहित्यिक चर्चाओं और पुस्तक विमोचन के साथ पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय कलाओं और क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। महोत्सव में स्थापित प्राचीन ग्राम विशेष आकर्षण का केंद्र है, जहां क्षेत्र की पुरानी जीवनशैली और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिल रही है।
महोत्सव के भविष्य को लेकर उपराज्यपाल ने पांच प्रमुख सुझाव सामने रखे। इनमें ‘विशो आर्काइव’ की स्थापना के माध्यम से लोकसाहित्य और मौखिक इतिहास का संरक्षण, आधुनिक भाषा प्रौद्योगिकी की मदद से विभिन्न भाषाओं में साहित्य का अनुवाद, दूरदराज के गांवों तक मोबाइल पुस्तकालयों की पहुंच, पर्यटन एवं हस्तशिल्प के साथ महोत्सव का जुड़ाव और देशभर के लेखकों तथा कवियों के लिए ‘विशो राइटर्स रेजिडेंसी’ की स्थापना शामिल है।
उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि साहित्यिक आयोजनों को केवल मंचीय कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय स्थानीय रोजगार और पर्यटन के अवसरों से भी जोड़ा जाना चाहिए। उनके अनुसार, विशो महोत्सव की पहचान का उपयोग करते हुए कुलगाम और आसपास के कम प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों, होमस्टे तथा पारंपरिक हस्तशिल्प को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जा सकती है। उन्होंने महोत्सव को एक व्यापक सांस्कृतिक आंदोलन में बदलने की आवश्यकता जताई।
स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों को भी नए अवसर मिलेंगे
युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उपराज्यपाल ने डिजिटल माध्यमों और पॉडकास्ट के जरिए स्थानीय इतिहास, लोककथाओं, परंपराओं, साहित्य और शिल्पकला को दर्ज करने तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सुझाव दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह की पहल से न केवल सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रहेगी, बल्कि स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों को भी नए अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम के दौरान उपराज्यपाल ने क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में योगदान देने वाले व्यक्तियों को ‘कीपर्स ऑफ विशो हेरिटेज’ सम्मान से सम्मानित किया। उन्होंने विशो परंपराओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और महोत्सव पत्रिका का विमोचन भी किया।
समारोह में कुलगाम के विधायक मोहम्मद यूसुफ तारीगामी, जिला विकास परिषद कुलगाम के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद अफजल पर्रे, कश्मीर के मंडलायुक्त अंशुल गर्ग, आईजीपी कश्मीर सुजीत कुमार, डीआईजी दक्षिण कश्मीर जावेद इकबाल मट्टू, उपायुक्त कुलगाम शहजाद आलम और एसएसपी कुलगाम अनायत अली चौधरी सहित साहित्यिक जगत की हस्तियां, युवा और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।