विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अरनिया सेक्टर में नाले के रास्ते भारत में घुसा पाकिस्तानी युवक, ग्रामीणों ने दबोचकर पुलिस को सौंपा

Published: Sat, 21 Nov 2026 10:31 AM (IST)Updated: Sat, 21 Nov 2026 10:46 AM (IST)

स्थानीय ग्रामीणों ने अरनिया सेक्टर में तारबंदी पार कर भारतीय सीमा में दाखिल हुए एक पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ा। पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है।

अरनिया सेक्टर में नाले के रास्ते भारत में घुसा पाकिस्तानी युवक। फोटो जागरण

अरनिया सेक्टर में नाले के रास्ते भारत में घुसा पाकिस्तानी युवक। फोटो जागरण

HighLights

  1. अरनिया सेक्टर में ग्रामीणों ने पाकिस्तानी नागरिक को पुलिस के हवाले किया।

  2. तारबंदी पार कर भारतीय सीमा में दाखिल हुआ था युवक।

  3. पुलिस कर रही गहन पूछताछ, सीमा सुरक्षा पर उठे सवाल।

संवाद सहयोगी, आरएसपुरा। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे अरनिया सेक्टर में शनिवार सुबह उस समय सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया, जब तारबंदी पार कर भारतीय सीमा में दाखिल हुए एक पाकिस्तानी नागरिक को स्थानीय ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सई कलां इलाके में हर पीर पुल के पास संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे युवक से पूछताछ करने पर उसके पाकिस्तानी नागरिक होने का खुलासा हुआ।

ग्रामीणों ने उसे पुलिस पोस्ट सई कलां के हवाले कर दिया। पूछताछ के लिए अरनिया पुलिस स्टेशन ले गई। पकड़े गए युवक के पास से पाकिस्तानी मुद्रा मिलने की भी जानकारी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि अरनिया सेक्टर में तारबंदी पार कर किसी पाकिस्तानी नागरिक के भारतीय क्षेत्र में दाखिल होने का यह पहला मामला है।

ग्रामीण ने पुलिस के हवाले किया

भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा प-र सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे अरनिया सेक्टर के सई कलां इलाके में हर पीर पुल के पास स्थानीय ग्रामीणों ने एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते देखा। ग्रामीणों ने जब उससे पूछताछ की तो उसकी पहचान पाकिस्तानी नागरिक के रूप में हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने बिना देर किए उसे पुलिस पोस्ट सई कलां के हवाले कर दिया।

पकड़े गए युवक की पहचान अवल्स राजा (20) पुत्र इमदाद हुसैन निवासी बस्ती गोकल, डाकखाना खास, जारनवाली, तहसील करोर लाल ईसान, जिला लैय्या, पाकिस्तान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, युवक के पास से पाकिस्तानी मुद्रा मिलने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवक पाकिस्तान की ओर से एक नाले के किनारे-किनारे चलते हुए तारबंदी पार कर भारतीय सीमा में दाखिल हुआ।

गहन पूछताछ में जुटी पुलिस

बताया जा रहा है कि अरनिया सेक्टर में तारबंदी पार करके किसी पाकिस्तानी नागरिक के भारतीय क्षेत्र में पहुंचने का यह पहला मामला है। यदि इसकी पुष्टि होती है तो यह सीमावर्ती सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण घटनाक्रम होगा।

ग्रामीणों द्वारा पकड़े जाने के बाद युवक को पुलिस पोस्ट सई कलां से अरनिया पुलिस स्टेशन लाया गया है। यहां पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है कि वह किस रास्ते से भारतीय सीमा में दाखिल हुआ, तारबंदी कैसे पार की और भारत आने के पीछे उसका वास्तविक मकसद क्या था। जांच एजेंसियां उसके पास मिले सामान और नक्शों की भी पड़ताल कर सकती हैं।

उल्लेखनीय है कि सर्दियों का मौसम शुरू होने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा चुनौतियां भी बढ़ सकती हैं। ऐसे में अरनिया सेक्टर में पाकिस्तानी नागरिक के तारबंदी पार कर भारतीय क्षेत्र में पहुंचने की घटना सुरक्षा एजेंसियों के लिए सतर्क होने का संकेत है।

बीएसएफ और पुलिस को सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और गश्त और अधिक मजबूत करने की जरूरत है। खासकर नालों, खेतों और सुनसान रास्तों पर अतिरिक्त निगरानी जरूरी है, ताकि घुसपैठ की किसी भी कोशिश को समय रहते नाकाम किया जा सके।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।