राजौरी के केसरी हिल्स में बनेगा भव्य पर्यटन रिसॉर्ट, करीब 8 करोड़ रुपये की मिली मंजूरी; दूर-दूर से आएंगे पर्यटक
जम्मू-कश्मीर सरकार ने राजौरी के बुधल क्षेत्र स्थित केसरी हिल्स में ₹7.97 करोड़ की लागत से पर्यटन रिसॉर्ट के निर्माण को मंजूरी दी है। यह परियोजना पीर पंजाल क्षेत्र में पर्यटन बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी।

राजौरी के केसरी हिल्स में बनेगा भव्य पर्यटन रिसॉर्ट। फोटो सोशल मीडिया
HighLights
केसरी हिल्स में ₹7.97 करोड़ का पर्यटन रिसॉर्ट स्वीकृत।
पीर पंजाल क्षेत्र में पर्यटन बुनियादी ढांचे को मिलेगा बढ़ावा।
स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। राज्य सरकार ने राजौरी जिले के बुधल क्षेत्र स्थित केसरी हिल्स में पर्यटन रिसॉर्ट के निर्माण एवं स्थापना के लिए 7.97 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की है। इस परियोजना का उद्देश्य पीर पंजाल क्षेत्र में पर्यटन संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और क्षेत्र की पर्यटन क्षमता को विकसित करना है।
प्राकृतिक सौंदर्य, मनमोहक पहाड़ियों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए प्रसिद्ध केसरी हिल्स को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रस्तावित पर्यटन रिसार्ट के निर्माण से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
इसके अलावा, यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे वे क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद उठा सकेंगे। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली जम्मू-कश्मीर सरकार की यह पहल प्रदेश के कम लोकप्रिय एवं अनछुए पर्यटन स्थलों को विकसित करने और स्थापित पर्यटन सर्किट से आगे पर्यटन का विस्तार करने के प्रयासों का हिस्सा है।