4477 श्रद्धालुओं का तीसरा जत्था पहलगाम व बालटाल रवाना
बाबा बर्फानी की कृपा से हर एक की यात्रा हर हाल में सफल रहती है। यह राहत की बात है कि यात्रा एक दिन स्थगित रहने के बाद बहाल हो गई है।
जम्मू, [राज्य ब्यूरो] । कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच बाबा अमरनाथ यात्रा का तीसरा जत्था पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुआ। जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन होने के कारण गत दिवस बाबा अमरनाथ यात्रा के जत्थे को रवाना नहीं किया गया था। एक दिन स्थगित रहने के बाद यात्रा को बहाल कर दिया गया है।
यात्रा के आधार शिविर यात्री निवास भगवती नगर जम्मू से शनिवार सुबह साढ़े चार बजे 4477 श्रद्धालुओं का जत्था पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना किया गया। रवाना किए गए जत्थे में 3298 पुरुष, 986 महिलाएं, 186 साधु और 7 मंगलामुखी शामिल थे।
यात्रा बहाल होने से श्रद्धालुओं में भारी उत्साह नजर आया। यात्रा पर आए पंजाब के श्रद्धालुओं रमन शर्मा और सुरेंद्र ने कहा कि वे दो दिन पहले यात्रा पर रवाना होने के लिए पहुंचे थे और गत दिवस शुक्रवार को यात्रा स्थगित रही। हमने एक दिन जम्मू में घूम फिर कर बिताया।
रमन ने कहा कि वह पहली बार यात्रा पर आए है। भगवान भोले की कृपा हो तो, यात्रा की जा सकती है। वह काफी वर्षों से योजना बना रहे थे। सुरेंद्र ने कहा कि वह तो चौथी बार यात्रा पर जा रहे है। यात्रा के दौरान भले ही कश्मीर में माहौल अक्सर खराब हो जाता है लेकिन बाबा बर्फानी की कृपा से हर एक की यात्रा हर हाल में सफल रहती है। यह राहत की बात है कि यात्रा एक दिन स्थगित रहने के बाद बहाल हो गई है।
इसे भी पढ़ें: अपनी पत्नी, बेटी व दामाद के साथ आए एक अमरनाथ श्रद्धालु की मौत