जम्मू में फ्लाईओवर के लिए ताबड़तोड़ कार्रवाई! 24 घंटे में 39 दुकानों पर चला बुलडोजर, दुकानदार मांगते रहे पुनर्वास
जम्मू प्रशासन ने सतवारी-कुंजवानी फ्लाईओवर निर्माण के लिए नई बस्ती में शेष 19 दुकानों को भी ध्वस्त कर दिया है। ...और पढ़ें

सतवारी के नई बस्ती में बची दुकानें भी तोड़ी गईं। (फोटो- जागरण/प्रदीप बख्शी)
HighLights
नई बस्ती में 19 दुकानें फ्लाईओवर निर्माण हेतु ध्वस्त।
सतवारी-कुंजवानी फ्लाईओवर परियोजना के लिए रास्ता साफ।
दुकानदारों को पुनर्वास और नई दुकानें देने का आश्वासन।
जागरण संवाददाता, जम्मू। नई बस्ती-सतवारी में फ्लाईओवर निर्माण कार्य को गति दे रहे प्रशासन ने 24 घंटे के भीतर ही निर्माण की जद में आ रही दुकानों पर बुलडोजर चलाकर निर्माण को अंतिम रूप देने का रास्ता साफ कर दिया है। वीरवार तड़के प्रशासन ने सतवारी चौक के निकट 20 दुकानों पर बुलडोजर चला दिया था और 24 घंटे के भीतर नई बस्ती में शेष बची 19 दुकानों पर भी बुलडोजर चलाकर सभी निर्माण जमींदोज कर दिए।
निर्माण कार्य के दायरे में आ रही नई बस्ती व सतवारी की 39 दुकानों के बिजली कनेक्शन बुधवार को ही काट दिए गए थे। मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने दुकानदारों को बिना किसी देरी के दुकानें खाली करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे ताकि तोड़-फोड़ की प्रक्रिया पूरी कर परियोजना को आगे बढ़ाया जा सके।
दो दिन में सभी दुकानों को तोड़ दिया
बुधवार को ही साफ हो गया था कि प्रशासन अब किसी तरह का समय बर्बाद नहीं करना चाहता। हालांकि दुकानदारों पहले उनका पुनर्वास करने व उसके बाद दुकानें तोड़ने की मांग कर रहे थे लेकिन प्रशासन ने किसी की नहीं सुनी और दो दिन में सभी दुकानों को तोड़ दिया।
इन दुकानदारों के पुनर्वास के लिए सरकार ने भगवती नगर से आगे गोल गुजराल में जमीन अलाट की है और अगले चार से छह महीनों में सरकार ने इन लोगों को वहां दुकानें बनाकर देने का आश्वासन दिया है।
फ्लाईओवर परियोजना की महत्ता
सतवारी-कुंजवानी कारिडोर पर बन रहा यह एलिवेटेड फ्लाईओवर जम्मू शहर की महत्वाकांक्षी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में से एक है। दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी और जम्मू हवाई अड्डे के विस्तार से जुड़े इस मार्ग पर रोजाना ट्रैफिक जाम रहता है।
इस बहुप्रतीक्षित एलिवेटेड कारिडोर के पूरा होने से सतवारी, बिक्रम चौक और कुंजवानी के बीच वाहनों की आवाजाही सिग्नल-फ्री हो जाएगी, जिससे न केवल स्थानीय नागरिकों को जाम से राहत मिलेगी बल्कि मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं का सफर भी सुगम होगा।
यह फ्लाईओवर बनकर तैयार हो चुका है लेकिन नीचे का मार्ग सुचारू न होने के कारण अभी तक इसे ट्रैफिक के लिए खोला नहीं जा सका था।
