Coronavirus: पाक से लौटे 250 राज्य के नागरिक पहुंचे लखनपुर, कड़ी सुरक्षा में किया कश्मीर रवाना
पाकिस्तान से लौटे 250 यात्रियों की लखनपुर में किसी तरह की कोई स्वास्थ्य या अन्य जांच पड़ताल नहीं की गई और न ही किसी को क्वारंटाइन किया।
कठुआ, जागरण संवाददाता: कोरोना के कारण पाकिस्तान में फंसे 250 जम्मू कश्मीरी नागरिक अटारी बॉर्डर से गत वीरवार देर शाम प्रदेश प्रशासन की बसों से जम्मू कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर पहुंचे। प्रशासन के निर्देशों के चलते बसों से आए नागरिकों की लखनपुर में कोरोना जांच नहीं की गई। सभी के वाहनों को कड़ी सुरक्षा में कश्मीर रवाना किया गया।
दो बसें छह बजे, आठ बजे दो और बसें लखनपुर में पहुंचीं। पाकिस्तान से लौटे 250 यात्रियों की लखनपुर में किसी तरह की कोई स्वास्थ्य या अन्य जांच पड़ताल नहीं की गई और न ही किसी को क्वारंटाइन किया। 250 में से जम्मू संभाग के राजौरी के 15 नागरिक भी शामिल हैं। देर रात तक चार ही बसें पहुंची थीं। इन यात्रियों के लखनपुर में पहुंचने पर वहां के प्रशासन को लाइट रिफ्रेशमेंट भी देने के निर्देश सरकार ने दिए थे। देर रात तक चार और बसें पहुंच जाएंगी। जम्मू प्रशासन का आदेश बसों से आ रहे यात्रियों की श्रीनगर में कोरोना जांच होगी।
अधिकारियों ने बताया कि पाक से आए लोगों में 100 विद्यार्थी हैं, जो वहां पढ़ाई करते हैं। अन्य लोग धर्मस्थलों के दर्शन के लिए गए थे। एसडीएम अमृतसर डॉ. शिवराज ने बताया कि पाक से 26 जून को 248 और 27 जून को 250 यात्री लौटेंगे। 748 भारतीयों में जम्मू-कश्मीर के 402, पंजाब के 36, गुजरात के 70, महाराष्ट्र के 61, उत्तर प्रदेश के 46, दिल्ली के 26, मध्य प्रदेश के 15 हरियाणा के 14, तेलंगाना के 11, कर्नाटक और चंडीगढ़ के छह-छह, छत्तीसगढ़ के पांच सहित अन्य राज्यों के लोग शामिल हैं।