PM Modi Birthday Celebration : जम्मू में नवभारत मेले के साथ शुरू हुआ भाजपा का सेवा समर्पण अभियान
PM Modi Birthday Celebration In JK प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री वी सतीश प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना व जम्मू कश्मीर के सह प्रभारी आशीष सूद गांधीनगर के गोल मार्केट में नवभारत मेले के साथ शहर में पौधारोपण व स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया।
जम्मू, राज्य ब्यूरो : नवभारत मेले, पौधारोपण व स्वच्छता अभियान के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर शुक्रवार को जम्मू में भाजपा का सेवा समर्पण अभियान शुरू हो गया।
शुक्रवार सुबह शहर के गांधीनगर में भाजपा के राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री वी सतीश, प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना,सह प्रभारी आशीष सूद व संगठन महामंत्री अशोक कौल ने गोल मार्केट में पौधे रौंप, मोदी सरकार की उपलब्धियां उजागर करने के लिए तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ किया। इसके बाद शहर के सतवारी इलाके में स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
मोदी जी को बधाई हो, बधाई हो के नारों के बीच गांधीनगर में मेले का शुभारंभ करने के बाद भाजपा नेताओं ने लोगों की सेवा के लिए लगाए गए स्टालों का निरीक्षण भी किया। मेले में केंद्र की उपलब्धियों की प्रदर्शनी के साथ आधार कार्ड, आयुषमान कार्ड बनाने के लिए कैंप लगाए गए हैं। इस मौके पर विचार व्यक्त करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की राह पर अग्रसर है। पारदर्शिता के दौर में केंद्र प्रायोजित योजनाओं ने करोडों लोगों की तकदीर बदल दी है।
इसी बीच प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर शुरू हुआ भाजपा का अभियान सात अक्टूबर तक जारी रहेगा। इस दौरान रक्तदान, पौधारोपन, नदियों, तालाबों को साफ करने, वैक्सीनेशन शिविर लगाने के साथ जनसेवा के कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। रविवार को जम्मू में पार्टी मुख्यालय में सुशासन पर सेमीनार का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के लिए पार्टी के नेताओं, जम्मू नगरनिगम के कारपोरेटरों को जिम्मेवारियां दी गई हैं।
जम्मू के साथ कश्मीर में भी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान लोगों को केंद्रीय योजनाएं का लाभ दिलाने की दिशा में कार्रवाई करने के साथ रक्तदान शिविर, अंगदान शिविर, मेडिकल कैंपों का भी आयोजन किया जाएगा। इन कैंपों में वरिष्ठ नेता हिस्सा ले रहे हैं। आपको जानकारी हो कि अभियान के तहत जम्मू कश्मीर के भाजपा के पांच हजार वार्डों से प्रधानमंत्री को केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थियों की ओर से आभार जताने के लिए पांच लाख कार्ड भेजे जाने हैं।