झुलसने से मृत महिला का ससुराल में हुआ अंतिम संस्कार
ससुराल गांव में किया गया मनीषा का अंतिम संस्कार
संवाद सहयोगी, आरएसपुरा: संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसने के बाद मृत महिला मनीषा चौधरी का शुक्रवार को दोपहर में उसकी ससुराल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। सुबह मनीषा के शव का पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।
गौरतलब है कि वीरवार को दिवानगढ़ गांव में अपनी ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसने से मनीषा चौधरी की मौत हो गई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल पहुंचाया था। शुक्रवार को जब पोस्टमार्टम हुआ तो ससुराल वालों के साथ ही मनीषा के मायके से भाई और पिता भी मौजूद थे। वीरवार को मनीषा के झुलसने के बाद उसकी ससुराल पहुंचे उसके भाई ने ससुराल वालों पर बहन की हत्या करने का आरोप लगाया था। उसके मामा और नाना ने भी कहा था कि उसे जलाकर मारा गया है। हालांकि शुक्रवार को बिना कोई हंगामा हुए मनीषा काअंतिम संस्कार हो गया। ऐसा बताया गया है कि महिला के अंतिम संस्कार में मायके के कई लोग नहीं शामिल हुए। वे मनीषा का अंतिम संस्कार ससुराल में किए जाने से नाराज थे।