चंद स्वार्थी लोग कर रहे 370 हटाने के फैसले का विरोध
डॉ. नाहिद शेख ने कहा कि 370 हटने से जम्मू कश्मीर का अल्पसंख्यक वर्ग खुश है। उन्हें लग रहा है कि अब उनका विकास संभव होगा। मात्र चंद लोग निहित स्वार्थ के लिए फैसले का विरोध कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, जम्मू : भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी डॉ. नाहिद शेख ने अनुच्छेद 370 को हटाने के मोदी सरकार के फैसले को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि इससे जम्मू कश्मीर के अल्पसंख्यक समुदाय को उनके हक मिलेंगे, जिनसे वे सात दशक तक वंचित रहे। डॉ. नाहिद शेख मंगलवार को त्रिकुटा नगर स्थित भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहीं थी।
डॉ. शेख ने कहा कि 370 हटने से जम्मू कश्मीर का अल्पसंख्यक वर्ग खुश है। उन्हें लग रहा है कि अब उनका विकास संभव होगा। मात्र चंद लोग निहित स्वार्थ के लिए फैसले का विरोध कर रहे हैं। डॉ. शेख ने मोर्चा कार्यकर्ताओं से मौकापरस्त लोगों से सचेत रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य में इंटरनेट सेवाएं बाधित करने व अन्य प्रतिबंध लगाने पर मौकापरस्त लोग भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। जब प्रशासन को लगेगा कि ये सेवाएं बहाल करने का समय आ गया है, तो सभी सुविधाएं बहाल हो जाएगी। पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बलबीर राम, मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष मोहम्मद सादिक खान, उपाध्यक्ष रूबिना अख्तर, प्रदेश महासचिव रफिया मल्लिक, हरपाल सिंह बाली व शेख बशीर भी मौजूद रहे।