33,694 भक्तों ने किए पवित्र गुफा में हिमलिंग के दर्शन
राज्य ब्यूरो जम्मू अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। बुधवार को 13
राज्य ब्यूरो, जम्मू : अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। बुधवार को 13,835 श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में शिवलिग के दर्शन किए। पहले तीन दिन में 33,694 श्रद्धालु शिवलिग के दर्शन कर चुकेहैं। बर्फबारी और बिगड़े मौसम के बीच श्रद्धालु दोनों मार्गो पहलगाम और बालटाल से यात्रा कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। यात्रा के आधार शिविर यात्री निवास भगवती नगर से बुधवार सुबह 4694 श्रद्धालुओं का जत्था पहलगाम और बालटाल के लिए रवाना हुआ। बालटाल मार्ग से रवाना हुए कुल 2052 श्रद्धालुओं में 1635 पुरुष, 379 महिलाएं, 15 बच्चे और 23 साधु शामिल थे। वहीं, पहलगाम मार्ग से रवाना हुए 2642 श्रद्धालुओं में 2174 पुरुष, 412 महिलाएं, 9 बच्चे और 47 साधु शामिल थे। सभी श्रद्धालु 203 वाहनों पर सवार होकर यात्रा पर गए। जम्मू के यात्री निवास भगवती नगर के अलावा अधिकतर श्रद्धालु सीधे ही देश के विभिन्न हिस्सों से आकर बालटाल और पहलगाम जा रहे हैं। यात्रा में सुविधाओं और सुरक्षा के लिए किए गए कड़े प्रबंधों को लेकर श्रद्ध़ालु संतुष्ट हैं। यात्रा के लिए अग्रिम पंजीकरण करवाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या डेढ़ लाख का आंकड़ा पार कर गई है। तत्काल पंजीकरण भी जम्मू में चल रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु तत्काल पंजीकरण करवा कर यात्रा पर जा रहे हैं। चार बीमार श्रद्धालुओं को एयरलिफ्ट किया
राज्यपाल व श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के चेयरमैन सत्यपाल मलिक के निर्देश पर यात्रा के दौरान बीमार हुए चार श्रद्धालुओं को एयरलिफ्ट किया गया। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर के यात्री पवन कुमार गुप्ता को पंजतरणी से एयर लिफ्ट करके मेडिकल अस्पताल पहलगाम लाया। पवन कुमार का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पंजाब के लुधियाना के प्रभु कुमार, चंडीगढ़ के बलविद्र सिंह और पंजाब के मोगा की दीक्षा अरोड़ा को शेषनाग से एयर लिफ्ट करके पहलगाम लाया। राज्यपाल ने निर्देश दिए हैं कि सभी बीमार श्रद्धालुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा दी जाए।