माइनस 7 डिग्री और 14500 फीट की ऊंचाई पर लोकतंत्र का महापर्व, लद्दाख पंचायत और निकाय चुनाव में रिकॉर्ड तोड़ मतदान
लद्दाख में शून्य से सात डिग्री नीचे तापमान और 14,500 फीट की ऊंचाई पर पंचायत व नगर निकाय चुनावों में रिकॉर्ड मतदान हुआ।

मतदान के बाद अंगुली में लगी स्याही दिखाती युवा मतदाता (फोटो- जागरण)
HighLights
लद्दाख में पंचायत और नगर निकाय चुनावों में रिकॉर्ड तोड़ मतदान हुआ
माइनस 7 डिग्री, 14,500 फीट पर भी दिखा लोकतांत्रिक उत्साह
बुजुर्गों, युवाओं, भिक्षुओं ने ठंड में भी उत्साह से मतदान किया
राज्य ब्यूरो, जम्मू। बर्फीली हवाएं, शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान। दुर्गम पहाड़ी रास्ते और समुद्रतल से करीब 14,500 फीट की ऊंचाई, लेकिन लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का जज्बा ऐसा कि न कड़ाके की ठंड आड़े आई और न ही भौगोलिक दुश्वारियां।
लद्दाख के द्रास से लेकर चांगथांग के दुर्गम गांव फोब्रांग और भारत के प्रथम गांव में शामिल सीमावर्ती तुरतुक तक शनिवार को पंचायत और नगर निकाय के चुनाव में लोकतंत्र का उत्सव देखने को मिला।
पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से लेकर 90 वर्षीय बुजुर्गों तक और महिलाओं, पुरुषों, बौद्ध भिक्षुओं और भिक्षुणियों ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
उल्लास ऐसा कि बुजुर्ग मतदाता पारंपरिक वेशभूषा में अपनी भागीदारी निभाते नजर आए। पंचायत चुनाव में पंच के पदों के लिए 73.60 प्रतिशत और सरपंच पदों के लिए 70.03 प्रतिशत मतदान हुआ। इससे पहले लद्दाख में वर्ष 2018 में हुए पंचायत चुनाव में 67.8 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार पिछले बार का रिकॉर्ड टूट गया है।
निकाय चुनाव में 52.40 प्रतिशत मतदान
वहीं नगर निकाय में 52.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद पहली बार हुए पंचायत एवं नगर परिषद चुनावों में जनभागीदारी उन लोगों को कड़ा जवाब है, जो चार दिसंबर को लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद के चुनाव टालने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन की राह पर हैं।
पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक तर्क दे रहे हैं कि इस दौरान काफी ठंड रहती है और बड़ी आबादी मतदान से दूर रह जाएगी, जबकि पंचायत व निकाय चुनाव में मतदाताओं ने उत्साह दिखाकर साफ कर दिया कि वह क्या चाहते हैं।
इन चुनाव में मतदाताओं की भागीदारी ने स्वशासन की प्रक्रिया में उनकी सक्रिय रुचि को रेखांकित किया है। शनिवार सुबह आठ बजे मतदान शुरू होते ही लेह और कारगिल समेत सभी आठ जिलों के मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई। कई स्थानों पर लंबी कतारें लगी रहीं। मतदान के बाद लोगों के चेहरों पर लोकतांत्रिक अधिकार के प्रयोग की संतुष्टि और खुशी साफ दिखाई दी।
पंचायत चुनाव
आठ जिलों के 192 पंचायत हलकों में हुए। इनमें 192 सरपंच और 1,428 पंच पद शामिल थे। सरपंच के 55 और पंच के 1,186 पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि शेष 137 सरपंच और 242 पंच पदों के लिए मतदान कराया गया।
चांगथांग क्षेत्र में समुद्रतल से करीब 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित दुर्गम गांव फोब्रांग में भी मतदान को लेकर खासा उत्साह रहा। वहीं दुर्गम इलाकों तक मतदान दल पहुंचाने के लिए हेलीकाप्टर की भी मदद ली गई थी। पंचायत चुनाव का कुल मतदान प्रतिशत 70.03 रहा।
नगर निकाय चुनाव
कुल 38 वार्डों में लेह के 21 और कारगिल के 17 वार्ड थे। लेह के सभी 21 वार्डों में मतदान हुआ, जबकि कारगिल के चार वार्डों में उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे और शेष 13 वार्डों में मतदान कराया गया।
नगर निकाय चुनावों के लिए लेह में 2,720 और कारगिल में 645 मतदाता पंजीकृत थे। दोनों नगर परिषदों में मतदान का समय सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित था। निकाय चुनावों में कुल 52.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
लद्दाख के लिए एतिहासिक दिन। लद्दाख के लोगों का हार्दिक आभार, वह पंचायत और निकाय चुनाव में उत्साह के साथ मतदान करने के लिए निकले। मतदाता भारी संख्या में मतदान के लिए बाहर निकले। पहली बार मतदान करने वाले उत्साही युवाओं से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक की भागीदारी साबित करती है कि लोगों का लोकतांत्रिक प्रक्रिया और स्थानीय स्वशासन में अटूट विश्वास है। यह स्वशासन की दिशा में गर्वपूर्ण मील का पत्थर है। लद्दाख में जमीनी लोकतंत्र को सशक्त बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद। -विनय कुमार सक्सेना, उपराज्यपाल, लद्दाख
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।