रक्षा मंत्री ने राजौरी में एलओसी पर सुरक्षा जांची
राज्य ब्यूरो, जम्मू : रक्षा मंत्री मनोहर पार्रिकर ने सियाचिन, लेह और श्रीनगर में सुरक्षा हालात का जा
राज्य ब्यूरो, जम्मू : रक्षा मंत्री मनोहर पार्रिकर ने सियाचिन, लेह और श्रीनगर में सुरक्षा हालात का जायजा लेने के बाद शनिवार को जम्मू संभाग में घुसपैठ के लिहाज से संवेदनशील राजौरी में नियंत्रण रेखा (एलओसी) व पीरपंचाल क्षेत्र में स्थिति का जायजा लिया। रक्षा मंत्री राजौरी के हमीरपुर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर अग्रिम क्षेत्रों में भी गए और जवानों का हौसला बढ़ाया। इसके उपरांत पार्रिकर ने श्री माता वैष्णो देवी के भवन में माथा टेका और देश में सुख शांति की कामना की। इसके बाद परर्रिकर अपना दो दिवसीय दौरा पूरा कर दिल्ली लौट गए।
सुबह श्रीनगर से जम्मू पहुंचे रक्षा मंत्री मनोहर पार्रिकर के साथ सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह और सेना की उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा भी थे। जम्मू हवाई अड्डे पर पहुंचने पर रक्षा मंत्री का स्वागत व्हाइट नाईट कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल केएच सिंह ने किया। उसके बाद रक्षा मंत्री राजौरी के लिए रवाना हो गए। हमीरपुर बटालियन क्षेत्र में लेफ्टिनेंट जनरल केएच सिंह ने रक्षा मंत्री को नियंत्रण रेखा और पीर पंचाल क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। रक्षा मंत्री को सीमा पार से घुसपैठ, नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा कड़ी करने, आतंकियों के खिलाफ चलाए जाने वाले अभियान के बारे में बताया गया। सैन्य अधिकारियों ने पार्रिकर को निगरानी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों के अलावा ऑपरेशन सद्भावना के तहत चलाए जाने वाले कार्यक्रमों के बारे भी जानकारी दी। रक्षा मंत्री को नियंत्रण रेखा के नजदीक उन गावों के बारे में बताया गया जिनके स्कूलों व चिकित्सा केंद्रों में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं है और सेना सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सहयोग दे रही है। रक्षा मंत्री को बताया गया कि सीमावर्ती इलाकों के बच्चों को नियमित तौर पर राष्ट्रीय अखंडता टूर पर भेजा जा रहा है। रक्षा मंत्री जवानों से रूबरू हुए और उनके साहस की सराहना की। उन्होंने सेना में उच्च स्तर के अनुशासन, तैयारियां को सराहा और दुर्गम क्षेत्रों में चुनौतियों का सामना कर रहे जवानों का हौसला बढ़ाया।
इसके बाद, रक्षामंत्री थलसेना अध्यक्ष के साथ सेना के विशेष हेलीकॉप्टर से 11:50 मिनट पर सीधे श्राइन बोर्ड द्वारा नवनिर्मित पंक्षी हेलीपैड पर उतरे। जहां उनकी अगुवाई डीसी रियासी सुष्मा चौहान व डीआइजी एसके गुप्ता, एसएसपी सुजीत कुमार ने की। हेलीपैड से बैटरी कार में सवार होकर सवा बारह बजे रक्षामंत्री वैष्णो देवी भवन पहुंचे। जहां उनकी अगुवाई श्राइन बोर्ड के सीईओ अजीत कुमार साहू, एसडीएम रंजीत सिंह ने की। करीब साढ़े बारह बजे रक्षा मंत्री ने माता वैष्णो देवी की पवित्र पिंडियों की पूजा अर्चना की। इसके बाद रक्षामंत्री ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। दोपहर बाद करीब 1.45 बजे बैटरी कार में सवार होकर वह हेलीपैड पहुंचे और हेलीकॉप्टर से जम्मू और फिर दिल्ली रवाना हो गए।