नेकांइयों पर कार्रवाई के लिए भाजपा ने किया हाइवे जाम
जागरण संवाददाता, राजौरी : कालाकोट विधानसभा क्षेत्र में शनिवार रात को हुई झड़प के बाद भाजपा कार्यकर्ता
जागरण संवाददाता, राजौरी : कालाकोट विधानसभा क्षेत्र में शनिवार रात को हुई झड़प के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने नेकां के कार्यकर्ताओं व नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुरादपुर में जम्मू- पुंछ हाइवे को जाम किया और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़कर भाजपा नेताओं को कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कालाकोट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार अब्दुल गनी कोहली, भाजपा के राज्य उपाध्यक्ष विबोध गुप्ता ने कहा कि नेकां के कार्यकर्ताओं ने हमारे कार्यकर्ताओं से मारपीट की और काफी तोड़फोड़ भी की है। इसके बाद न तो पुलिस हमारी बात को सुन रही है और न ही प्रशासन द्वारा हम लोगों की बात पर कोई ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे में मजबूरन हमें अपनी आवाज को उठाने के लिए प्रदर्शन करना पड़ रहा है। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई भी कार्रवाई नहीं की गई तो हम लोग उग्र प्रदर्शन करने के लिए भी तैयार है। इस प्रदर्शन के दौरान लगभग एक घंटे तक जम्मू-पुंछ हाइवे पर वाहनों की आवाजाही ठप रही।
प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही डीएसपी मुख्यालय अब्दुल हमीद चौधरी ने भाजपा के नेताओं को आश्वासन दिया कि पुलिस द्वारा जांच की जा रह है। इसमें जो भी दोषी पाया जाएगा कार्रवाई की जाएगी। उसके बाद लोगों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया।