भारतीय पुरुष हॉकी टीम और अर्जेटीना के बीच दूसरा अभ्यास मैच 4-4 से रहा ड्रॉ
भारत और अर्जेटीना के बीच दूसरा अभ्यास मैच 4-4 से ड्रॉ पर समाप्त हुआ। भारत की ओर से वरुण कुमार ने दो और राजकुमार पाल और रुपिंदर पाल सिंह ने एक-एक गोल किए लेकिन अर्जेटीना ने वापसी करते हुए बराबरी हासिल की।
ब्यूनस आयर्स, आइएएनएस। भारत और अर्जेटीना के बीच दूसरा अभ्यास मैच 4-4 से ड्रॉ पर समाप्त हुआ। भारत की ओर से वरुण कुमार ने दो और राजकुमार पाल और रुपिंदर पाल सिंह ने एक-एक गोल किए, लेकिन अर्जेटीना ने वापसी करते हुए बराबरी हासिल की।
अर्जेटीना की तरफ से लिआंड्रो तोलिनी और इगनासिओ ओíतज ने एक-एक जबकि लुकस तोस्कानी ने दो गोल दागे। भारत को वरुण ने सातवें मिनट में गोल कर बढ़त दिलाई। अर्जेटीना की ओर से तोलिनी ने 10वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद राजकुमार ने 13वें मिनट में गोल स्कोर 2-1 किया। पहले हाफ में ही रुपिंदर ने 14वें मिनट में गोल दाग टीम को 3-1 की बढ़त दिला दी। अर्जेटीना ने फिर वापसी करते हुए लुकास के 23वें मिनट में किए गोल से बढ़त कम करने की कोशिश की। इसके बाद इगनासिओ ने 42वें मिनट में गोल कर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया। मुकाबला बराबरी पर चलने के दौरान भारत को 44वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला और वरुण ने बिना कोई गलती किए इस मौके को भुनाया और गोल कर 4-3 की बढ़त ली।
अंतिम क्वार्टर में अर्जेटीना ने एक बार फिर आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और लुकास ने 57वें मिनट में एक और गोल कर स्कोर 4-4 से बराबर कर दिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें अन्य गोल नहीं कर सकीं और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।
हरेंद्र सिंह अमेरिकी पुरुष टीम के मुख्य कोच बने
कोलोराडो स्पि्रंग्स (अमेरिका), प्रेट्र। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कोच हरेंद्र सिंह को अमेरिकी पुरुष टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। हरेंद्र ने अपने करियर के दौरान भारतीय राष्ट्रीय पुरुष और महिला दोनों टीमों को कोचिंग दी। वर्ष 2012 में द्रोणाचार्य पुरस्कार से नवाजे गए हरेंद्र 2017 से 2018 तक सीनियर भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कोच रहे। इससे पहले वह कुछ समय के लिए भारतीय महिला टीम के कोच भी थे।
हरेंद्र ने कहा कि अमेरिकी पुरुष राष्ट्रीय टीम को कोचिंग का रोमांचक मौका देने के लिए धन्यवाद। हरेंद्र टीम के साथ अपने कार्यकाल के दौरान अपने परिवार के साथ अमेरिका में ही रहेंगे। अमेरिकी महासंघ ने कार्यकाल के समय की जानकारी नहीं दी है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने हरेंद्र के मार्गदर्शन में 2018 में ओमान के मस्कट में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में स्वर्ण पदक जीता था। उनके मार्गदर्शन में टीम ने भुवनेश्वर में 2018 पुरुष विश्व कप में पांचवां स्थान हासिल किया। पुरुष टीम ने 2018 चैंपियंस ट्रॉफी में रजत और 2018 एशियाई खेलों में कांस्य पदक भी हासिल किया।
हरेंद्र के मार्गदर्शन में भारतीय महिला टीम ने भी 2017 एशिया कप में स्वर्ण पदक जीता। उन्हें राष्ट्रीय जूनियर टीमों को कोचिंग का अनुभव भी हासिल है। उनके मार्गदर्शन में भारत ने 2016 पुरुष जूनियर विश्व कप में स्वर्ण पदक जीता। हरेंद्र को जूनियर और सीनियर स्तर की राष्ट्रीय टीमों को 350 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैचों में कोचिंग का अनुभव है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके मार्गदर्शन में टीमों ने आठ स्वर्ण, पांच रजत और नौ कांस्य पदक जीते।