पाकिस्तान के हॉकी खिलाड़ी ने भारत सरकार से लगाई मदद की गुहार, बोला हमेशा रहूंगा अहसानमंद
पाक के पूर्व दिग्गज हॉकी खिलाड़ी मंसूर अहमद नेभारत सरकार और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से गुहार लगाई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज हॉकी खिलाड़ी मंसूर अहमद ने अपने हार्ट ट्रांसप्लांट के लिए भारत सरकार और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से गुहार लगाई है। हॉकी विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रहे मंसूर को इलाज के लिए भारत के वीजा की जरूरत है और वह चाहते हैं सुषमा स्वराज मेडिकल वीजा दिलाने में उनकी मदद करें।
मंसूर तीन बार ओलंपिक में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और 1989 में इंदिरा गांधी कप जीतने वाली टीम के सदस्य थे। मंसूर ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए भारत सरकार से भावुक अपील में कहा कि भारत के खिलाफ हॉकी मैचों में कई बार उन्होंने भारतीयों के दिल तोड़े और कई बार भारतीय टीम से जीत छीन कर अपने देश पाकिस्तान को विजेता बनाया, लेकिन वह खेल का हिस्सा था।
आज मुझे अपने दिल की सर्जरी के लिए भारत सरकार की मदद चाहिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल वीजा उनकी जिंदगी बचा सकता है। मानवता सबसे ऊपर है और मुझे वीजा मिलता है तो मैं भारत का अहसानमंद रहूंगा।
वीडियो संदेश में मंसूर ने कहा कि दोनों मुल्कों के संबंध काफी तल्ख हैं, लेकिन खेल के जरिये पहले भी कई बार इस तल्खी को कम करने में मदद मिली है और इस बार भी यह होना चाहिए। मंसूर की उम्र 49 वर्ष है और उनके दिल ने काम करना बंद कर दिया है। अब वह पेसमेकर की मदद ले रहे हैं।