अखिल भारतीय महिला हाकी: नेशनल एकेडमी ने एनईआर को हराया
अखिल भारतीय प्राइजमनी महिला हॉकी प्रतियोगिता के तीसरे दिन नेशनल हॉकी एकेडमी दिल्ली ने गत विजेता एनईआर को 4-1 से हरा दिया।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। अखिल भारतीय प्राइजमनी महिला हॉकी प्रतियोगिता के तीसरे दिन नेशनल हॉकी एकेडमी दिल्ली ने गत विजेता एनईआर को 4-1 से हरा दिया। एक अन्य मैच में एसएसबी लखनऊ व बीओआरएल (भारत ओमान रिफायनरी लिमिटेड) मध्य प्रदेश के बीच मुकाबला 2-2 से बराबर रहा। तीसरे मैच में संयुक्त छात्रावास लखनऊ ने स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर को 6-1 से पराजित किया।
तीसरे दिन तीन मैच खेले गए। नेशनल हॉकी एकेडमी पहले क्वार्टर में ही तीन गोल दागने में सफल रही। लैरिन डिफि, चेतना राठी व साक्षी सिंह ने गोल दागे। दूसरे क्वार्टर में पूर्वोत्तर रेलवे की तेजी दिखी लेकिन हाफ टाइम तक उसे गोल करने में सफलता नहीं मिल सकी। 50वें मिनट में एनईआर की प्रियंका गौतम ने गोल किया। खेल समाप्ति से पांच मिनट पहले लैरिन डिफि ने एक और गोल कर स्कोर 4-1 तक पहुंचा दिया। एसएसबी व बीओआरएल के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ।
एसएसबी की रंजिनामिंज ने तीसरे मिनट में ही टीम का खाता खोल दिया। इसके बाद इस टीम को लगातार तीन पेनाल्टी कार्नर मिले, लेकिन गोल करने में असफल रही। विजेता देवी ने थोड़ी देर बाद मैदानी गोल कर टीम को 2-0 से बढ़त दिला दी। चार मिनट बाद बीओआरएल को पेनाल्टी कार्नर मिला और सोनिया कुमार ने गोल मारने में कोई गलती नहीं की। स्कोर 2-1 हो गया। 60वें मिनट में मिले अंतिम पेनाल्टी कार्नर में बीओआरएल की टीम ने 2-2 से बराबरी कर ली। आखिरी मैच में संयुक्त छात्रावास लखनऊ की टीम पूरी तरह भारी पड़ी। इस टीम की खुशबू कुमारी ने पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। वंदना कुशवाहा व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मुमताज खान ने दो-दो गोल किए। अर्चना भारद्वाज ने एक गोल किया।