Move to Jagran APP

बर्मिघम राष्ट्रमंडल खेलों से हट सकती हैं भारतीय हाकी टीमें, नरिंदर बत्रा ने दी जानकारी, जानें कारण

भारतीय ओलिंपिक संघ (IOA) के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने कहा कि भारतीय पुरुष और महिला हाकी टीम के बर्मिघम राष्ट्रमंडल खेलों (CWG) से हट सकती हैं। भारतीय टीमें 35 दिन बाद होने वाले एशियाई खेलों के दौरान अपनी शीर्ष फार्म में रहना चाहेंगी।

By TaniskEdited By: Published: Fri, 03 Sep 2021 06:11 PM (IST)Updated: Fri, 03 Sep 2021 06:11 PM (IST)
बर्मिघम राष्ट्रमंडल खेलों से हट सकती हैं भारतीय हाकी टीमें, नरिंदर बत्रा ने दी जानकारी, जानें कारण
बर्मिघम राष्ट्रमंडल खेलों से हट सकती हैं भारतीय हाकी टीमें। (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, प्रेट्र। भारतीय ओलिंपिक संघ (IOA) के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने कहा कि भारतीय पुरुष और महिला हाकी टीम के बर्मिघम में अगले साल होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों (CWG) में भाग लेने की संभावना बेहद कम है, क्योंकि वे एशियाई खेलों के दौरान अपनी शीर्ष फार्म में रहना चाहेंगी, जो 2024 पेरिस ओलिंपिक के लिए क्वालीफायर टूर्नामेंट है।

loksabha election banner

बत्रा ने कहा कि उन्होंने शुक्रवार को यहां एक औपचारिक बैठक के दौरान भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के महानिदेशक संदीप प्रधान को इस बात से अवगत करा दिया है। अंतरराष्ट्रीय हाकी महासंघ (एफआइएच) के प्रमुख और हाकी इंडिया के पूर्व अध्यक्ष बत्रा ने कहा कि भारतीय हाकी टीम की प्राथमिकता एशियाई खेलों में अपने शिखर (लय और फिटनेस) पर पहुंचना है, जो राष्ट्रमंडल खेलों के ठीक 35 दिन बाद शुरू होगा।

बर्मिघम राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 28 जुलाई से आठ अगस्त

बर्मिघम राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 28 जुलाई से आठ अगस्त तक होना है, जबकि एशियाई खेल 10 से 15 सितंबर तक चीन के हांग्जो में होंगे। बत्रा ने कहा, '2022 में राष्ट्रमंडल खेल चीन में एशियाई खेलों से ठीक 35 दिन पहले हैं और हाकी में एशियाई खेलों का विजेता सीधे 2024 पेरिस ओलिंपिक के लिए क्वालीफाई कर लेगा। इसलिए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतना पुरुष और महिला हाकी टीम दोनों के लिए जरूरी है।'

बर्मिघम खेलों से निशानेबाजी और तीरंदाजी को पहले ही हटाया गया

बर्मिघम खेलों से निशानेबाजी और तीरंदाजी को पहले ही हटा दिया गया है और अब हाकी टीम के बाहर होने की संभावना है, ऐसे में भारतीय दल बहुत छोटा होगा। बत्रा ने कहा, '2022 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय दल में खिलाडि़यों की संख्या 2018 की तुलना में बहुत कम होगी। इसमें 36 हाकी खिलाडि़यों के साथ निशानेबाजी और तीरंदाजी के खिलाड़ी भी शामिल नहीं होगें। लगभग 18 निशानेबाज और आठ तीरंदाजों को मिलाकर 2018 की तुलना में 62 खिलाड़ी कम हो गए हैं। इस कारण 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए पदकों की संख्या भी पहले की तुलना में कम होगी।'

टीम को अगले स्तर पर ले जाने का लक्ष्य : रीड

भारतीय पुरुष हाकी टीम के मुख्य कोच ग्राहम रीड ने ओलिंपिक कांस्य पदक जीतने वाली टीम को आत्ममुग्धता से बचने की सलाह देते हुए कहा कि अगले छह महीने यह विश्लेषण करने और समझने में बीतेंगे कि टीम अपने प्रदर्शन को अगले स्तर तक कैसे पहुंचा सकती है। भारतीय टीम ने पिछले महीने टोक्यो खेलों में ओलिंपिक पदक के 41 साल के इंतजार को खत्म करते हुए कांस्य पदक जीता था।

यह शानदार खिलाडि़यों का समूह है

रीड ने कहा, 'इस समय हम तीसरे (विश्व रैंकिंग) स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया और बेल्जियम लगातार खेल के उच्च स्तर पर रहे हैं। हमें उस स्तर तक पहुंचने में सक्षम होने की जरूरत है। इस टीम के लिए मेरा यही मेरा लक्ष्य है। हम अगले छह महीनों में केवल अपने नहीं, बल्कि विभिन्न टीमों के खेलों का विश्लेषण करेंगे। हम उस अगले स्तर तक पहुंचने के लिए जो भी जरूरी होगा उसकी एक योजना तैयार करेंगे। यह शानदार खिलाडि़यों का समूह है और हम उन चीजों पर काम करेंगे जो हमें करने की जरूरत है। हमें सुधार करते रहना होगा और बेहतर होते रहना होगा। टीम इस बात को समझती है कि 41 साल बाद ओलिंपिक में कांस्य पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है, लेकिन सुधार की बहुत अधिक संभावनाएं हैं जिन्हें हमें हासिल करने और प्रदर्शित करने की आवश्यकता है।'


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.