राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय हॉकी टीम की पहली भिड़ंत होगी पाकिस्तान से
भारत की पुरुष टीम को पाकिस्तान तो महिला टीम को वेल्स से मैच खेलना है।
गोल्ड कोस्ट (ऑस्ट्रेलिया), पीटीआइ। पिछली बार की रजत पदक विजेता भारतीय टीम 2018 गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुष हॉकी स्पर्धा के पहले मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। राष्ट्रमंडल खेल पांच से 14 अप्रैल तक ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में खेले जाने हैं।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआइएच) द्वारा मंगलवार को जारी कार्यक्रम के अनुसार, एशियाई चैंपियन भारत पूल-बी में है जिसमें पाकिस्तान, पिछली बार का कांस्य पदक विजेता इंग्लैंड, मलेशिया और वेल्स हैं। पांच बार की चैंपियन मेजबान ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, कनाडा और स्कॉटलैंड पूल-ए में हैं। भारतीय टीम सात अप्रैल को पाकिस्तान के खिलाफ पहला मैच खेलेगी। इसके बाद उसके वेल्स (आठ अप्रैल), मलेशिया (10 अप्रैल) और इंग्लैंड (11 अप्रैल) से मैच होने हैं।
भारतीय महिला हॉकी टीम को पूल-ए में मौजूदा रजत पदक विजेता इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया और वेल्स के साथ रखा गया है। मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, स्कॉटलैंड, कनाडा और घाना पूल-बी में हैं। भारतीय महिला टीम पांच अप्रैल को वेल्स के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद उसे मलेशिया (छह अप्रैल), इंग्लैंड (आठ अप्रैल) और दक्षिण अफ्रीका (10 अप्रैल) से खेलना है।
पुरुष वर्ग में ऑस्ट्रेलिया राष्ट्रमंडल खेलों में पांचों बार खिताब जीत चुका है। एशियाई चैंपियन भारत पिछले दो बार रजत पदक विजेता रहा है। महिला वर्ग में मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को अपनी सरजमीं पर खेलने का फायदा मिलेगा। महिला और पुरुष दोनों वर्ग में हर पूल से दो शीर्ष टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जबकि बाकी टीमें क्लासिफिकेशन मैच खेलेंगी। महिला वर्ग के सेमीफाइनल 12 अप्रैल को और पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल मैच 13 अप्रैल को होंगे। कांस्य पदक के मुकाबले 14 अप्रैल को खेले जाएंगे।
पुरुष वर्ग की टीमें-
पूल-ए: ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, कनाडा और स्कॉटलैंड
पूल-बी: भारत, पाकिस्तान, इंग्लैंड, मलेशिया और वेल्स
महिला वर्ग की टीमें-
पूल-ए: भारत, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया और वेल्स
पूल-बी: ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, स्कॉटलैंड, कनाडा और घाना।