भारतीय महिला हॉकी टीम के पास 44 साल बाद एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने का मौका, साउथ कोरिया को 2-0 से रौंदा
भारतीय महिला हॉकी टीम एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने से एक कदम दूर है। 44 साल बाद भारत के पास एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने का अवसर आया।

भारतीय महिला हॉकी टीम (Pic credit- Hockey India X)
HighLights
भारत ने साउथ कोरिया को 2-0 से मात दी
भारत का फाइनल में चीन से सामना होगा
भारत के पास 44 साल बाद गोल्ड जीतने का मौका
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय महिला हॉकी टीम के पास 44 साल का सूखा समाप्त करने का सुनहरा मौका है। सलीमा टेटे के नेतृत्व वाली भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में साउथ कोरिया को 2-0 से मात देकर निर्णायक मुकाबले में एंट्री की।
भारत की तरफ से इशिका चौधरी (44वें मिनट) और कप्तान सलीमा टेटे (48वें मिनट) में गोल दागे। भारत की फाइनल में चीन से भिड़ंत होगी, जिसने अन्य सेमीफाइनल में शूटआउट में जापान को 4-2 से मात दी।
भारत के पास 44 साल बाद एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने का अवसर है। इससे पहले 1982 नई दिल्ली गेम्स में भारत की बेटियों ने गोल्ड मेडल जीता था। हां, जापान और साउथ कोरिया के बीच ब्रॉन्ज मेडल मैच खेला जाएगा।
पहले हाफ में कड़ी टक्कर
भारत और साउथ कोरिया के बीच सेमीफाइनल मुकाबले में शुरुआत से ही कड़ी टक्कर हुई। पहले दो क्वार्टर में भारत का दबदबा जरूर रहा और उसने आठ पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए। मगर कोरियाई डिफेंडर्स ने भारत को गोल करने में कामयाबी हासिल नहीं करने दी।
भारत पूरे टाइम रहा हावी
भारत ने दूसरे हाफ में भी अपना दबदबा बनाए रखा और कोरिया को हावी होने का कोई मौका नहीं दिया। भारत ने 44वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर आखिरकार सफलता हासिल की और पहला गोल दागा। चार मिनट के बाद सलीमा टेटे ने मैदानी गोल दागकर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। यही निर्णायक स्कोर भी रहा।
