Asian Hockey Champions Trophy: भारत के हौसले बुलंद, चीन की दीवार को ढहाने के लिए बेताब 'सरपंच सेना'
भारतीय पुरुष हॉकी टीम गुरुवार को चीन से भिड़ेगी। भारत ने अपने पिछले मुकाबले में बांग्लादेश को 13-0 से पीटा ...और पढ़ें

जीत की लय बरकरार रखना चाहेगा भारत
HighLights
चीन के विरुद्ध जीत का सिलसिला जारी रखने उतरेगा भारत
बांग्लादेश को 13-0 से हराने के बाद भारतीय खिलाड़ियों के हौसले बुलंद
चीन को पहले मैच में मलेशिया से 4-5 के अंतर से मिली थी शिकस्त
कमल किशोर, जागरण जालंधर। भारतीय टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और जालंधर के गांव मिट्ठापुर के मनदीप सिंह कभी जल्दबाजी नहीं करते। वह छोटी-छोटी चालों से विपक्षी टीम पर हमला करते थे। इसी रणनीति से पिछले मैच में भारत ने बांग्लादेश को 13-0 से हराकर बड़ी जीत हासिल की थी।
इसमें स्ट्राइकर मनदीप सिंह ने गोल की हैट्रिक लगाई थी। पांच बार का चैंपियन भारत वीरवार को अपने दूसरे लीग मैच में चीन के विरुद्ध उतरेगा और जीत का सिलसिला जारी रखना चाहेगा। घरेलू दर्शकों के समर्थन से भारतीय खिलाड़ियों के हौसले भी बुलंद हैं।
एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार फॉर्म में चल रही भारतीय टीम ने बांग्लादेश के विरुद्ध अद्भुत खेल दिखाया था। लगातार आक्रमण से विरोधी टीम को चारों खाने चित कर दिया था। चीन को पिछले मैच में मलेशिया ने 5-4 गोल के अंतर से पराजित किया था।
चीन की टीम डिफेंस हॉकी खेलती है, जिसका फायदा भारतीय खिलाड़ी उठा सकते हैं। एशियन गेम्स में भी भारतीय टीम ने चीन को 4-3 से हराया था। उस मैच में कप्तान हरमनप्रीत ने हैट्रिक लगाई थी। 2023 में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भी भारत ने चीन को 7-2 से पराजित किया था।
भारतीय हाकी टीम के कोच फुल्टन ने भी कहा है कि चीन की टीम में कई नए खिलाड़ी हैं, जिन्हें अभी खेलते हुए नहीं देखा है। हर टीम के लिए अलग रणनीति है।
मैच: भारत बनाम चीन, शाम 7 बजे
