सुल्तान ऑफ जोहोर कप: भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने जीता कांस्य पदक, मलेशिया को 4-0 से रौंदा
भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने मलेशिया को 4-0 से रौंदा, ऑस्ट्रेलिया ने जीता खिताब।
जोहोर बाहरू (मलेशिया), पीटीआइ। विशाल अंतिल के डबल धमाल से भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को सातवें सुल्तान ऑफ जोहोर कप में मेजबान मलेशिया को 4-0 से हराकर कांस्य पदक के साथ अपने अभियान का अंत किया। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने ब्रिटेन को 2-0 से हराकर दूसरी बार खिताब जीता।
भारत के लिए विकास (15वें, 25वें मिनट) ने दो, जबकि विवेक प्रसाद (11वें मिनट) और शैलानंद लाकड़ा (21वें मिनट) ने एक-एक गोल किया। इस तरह से भारत ने कांस्य पदक जीतकर अपने अभियान का अंत किया। भारतीय लड़कों ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले क्वार्टर में ही मलेशियाई गोल पर लगातार हमले किए। फाइनल में नहीं पहुंच पाने की निराशा को भुलाते हुए भारतीय टीम ने अपने कौशल का शानदार नमूना पेश किया।
कप्तान विवेक प्रसाद ने 11वें मिनट में मनिंदर के पास पर गोल दागकर टीम का खाता खोला। इसके चार मिनट बाद दिलप्रीत सिंह के लंबे पास को शैलानंद ने अच्छी तरह से नियंत्रित किया और फिर उसे विशाल की ओर बढ़ाया जिन्होंने उस पर आसानी से गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। दूसरे क्वार्टर में भी यही कहानी दोहराई गई और भारतीयों ने दबदबा बनाए रखा। खेल के 21वें मिनट में विवेक के पास पर शैलानंद ने तीसरा गोल किया। इसके बाद भी भारत ने हमले जारी रखे और 25वें मिनट में दिलप्रीत ने फिर से सर्कल के अंदर खड़े विशाल को गेंद दी, जिन्होंने स्कोर 4-0 कर दिया। मलेशिया ने अगले दोनों क्वार्टर में वापसी के लिए काफी कोशिश लेकिन भारतीय रक्षकों ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया।