विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs CHN: भारत ने लांघी चीन की दीवार, 'सरपंच साहब' की सेना ने 5-2 से पीटा

Published: Thu, 29 Oct 2026 08:56 PM (IST)

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारत और चीन के बीच जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में मुकाबला खेला ...और पढ़ें

भारतीय हॉकी टीम (फोटो: HI)

भारतीय हॉकी टीम (फोटो: HI)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। कप्तान हरमनप्रीत सिंह और सुखजीत सिंह के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय हॉकी टीम ने चीन के खिलाफ जीत हासिल की। जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सरपंच साहब की सेना ने कमाल किया और 5-2 से जीत हासिल की। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारत की ये लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले हरमनप्रीत की सेना ने बांग्लादेश को 13-0 से रौंदा था।

चीन ने मुकाबले में शानदार खेल दिखाया लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने एक से बढ़कर एक शॉट खेलकर गोल किया। हरमनप्रीत और सुखजीत ने दो-दो गोल किए, जिससे टीम इंडिया को जीत हासिल करने में आसानी हुई। चीन ने अच्छा रक्षात्मक खेल दिखाया लेकिन टीम इंडिया को नहीं रोक सके और भारत ने जीत दर्ज की।

पहले हाफ में चीन ने दी कड़ी टक्कर

पहले क्वार्टर में चीन ने शानदार खेल दिखाया और भारत के आक्रमण को अच्छी तरह से रोका। चीन के डिफेंडरों ने शानदार कार्य किया और भारत को 12 मिनट तक गोल नहीं करने दिया। हालांकि, उनके इस डिफेंड को सुखजीत सिंह ने तोड़ दिया। उन्होंने भारत के लिए 13वें मिनट में पहला गोल दागा और टीम इंडिया को 1-0 की बढ़त दिलाई। पहला क्वार्टर समाप्त होने तक भारत ने 1-0 की बढ़त बनाए रखी।

दूसरे क्वार्टर में भारत को 20वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह इसे गोल में तब्दील करने में नाकाम रहे। खेल के 26वें मिनट में चीन को पेनल्टी कॉर्नर मिला और यहां पर उनके लिए यांग पेंग ने गोल दागकर स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद 27वें मिनट में भारत को एक बार फिर से पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारतीय कप्तान इस बार नहीं चूके। उन्होंने एक गोल दागा और भारत की बढ़त को 2-1 कर दिया।

तीसरे क्वार्टर में भारत ने किया कमाल

तीसरे क्वार्टर के शुरुआती समय में ही भारत ने चीन पर दबाव बना दिया। खेल के 31वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला और एक बार फिर से भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह सामने आए। उन्होंने मुकाबले में अपना दूसरा गोल दागा और भारत की बढ़त को 3-1 कर दिया। इसके बाद 34वें मिनट में सुखजीत सिंह ने एक शानदार गोल किया और भारत को 4-1 की बड़ी बढ़त दिला दी। हालांकि, 36वें मिनट में चीन के चेन चोंगकोंग ने गोल कर स्कोर को 4-2 कर दिया।

भारत ने जीता मुकाबला

चौथे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच रोमांचक खेल देखने को मिला। भारत को 47वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला। भारत के जुगराज सिंह ने कमाल का शॉट लगाया और उन्होंने गोल करते हुए भारत की बढ़त को 5-2 कर दिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने मैच में जीत हासिल की।

यह भी पढ़ें- IND vs CHN Hockey Live Score: 'सरपंच साहब' की सेना ने किया कमाल, चीन की 'दीवार' तोड़ हासिल की जीत