विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 11, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Hockey World Cup 2023 Inauguration: बॉलीवुड और विदेशी कलाकारों के रंगारंग कार्यक्रम पर झूमे खिलाड़ी और दर्शक

By Jagran NewsEdited By: Umesh Kumar
Published: Wed, 11 Jan 2023 07:52 PM (IST)Updated: Wed, 11 Jan 2023 08:05 PM (IST)

विश्वकप समारोह का उद्घाटन ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक एफआईएच के अध्यक्ष तैयब विक्रम भारत सरकार के खेल मंत्री अनुराग ...और पढ़ें

hockey world cup inauguration, हॉकी विश्व कप का उद्घाटन समारोह। फोटो-ट्विटर
hockey world cup inauguration, हॉकी विश्व कप का उद्घाटन समारोह। फोटो-ट्विटर

भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। कटक के ऐतिहासिक बारबाती स्टेडियम में आयोजित भव्य रंगारंग कार्यक्रम के साथ ही हॉकी विश्व कप 2023 का आगाज हो गया। 13 से 29 जनवरी तक भुवनेश्वर कलिंग स्टेडियम एवं राउरकेला के बिरसामुंडा स्टेडियम में खेले जाने वाले विश्व का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें खेल के साथ ही ओडिशा की कला एवं संस्कृति की अमिट छाप देखने को मिली। खासकर हॉकी है दिल मेरा गीत पर पद्मश्री गुरु अरुणा महांती एवं साथी कलाकारों के द्वारा प्रदर्शित नृत्य देख पूरा बारबाती स्टेडियम झूम उठा। इस गीत में आवाज बॉलीवुड म्यूजिशियन प्रीतम दा एवं साथी कलाकारों ने दी।

जानकारी के मुताबिक, खचाखच भरे कटक के बारबाती स्टेडियम में विश्वकप में भाग लेने वाली सभी टीमों के साथ प्रदेश, देश एवं विदेश से मेहमानों के बीच भव्य रंगारंग कार्यक्रम के साथ हाकी विश्वकप समारोह का शुभारंभ किया गया। एकतरफ जहां स्थानीय ओडिआ नृत्य संगीत के जलवे दिखे तो वहीं, दूसरी तरफ बॉलीवुड के कलाकारों ने संगीतमय ताल पर भारतीय संस्कृति की छटा सबके सामने रख दी। इस क्षेत्र में विदेशी कलाकार बेल्जियम का ग्रुप ब्लैक स्वान भी पीछे नहीं रहा।

मुख्यमंत्री सहित केंद्रीय खेल मंत्री रहे मौजूद

विश्वकप समारोह का उद्घाटन ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, एफआईएच के अध्यक्ष तैयब विक्रम, भारत सरकार के खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने किया। इस अवसर पर खचाखच भरे बारबाती स्टेडियम में लोगों को सम्बोधित करते हुए एफआईएच तैयब विक्रम ने कहा कि ओडिशा अब केवल मन्दिरों का राज्य नहीं है, बल्कि हॉकी का एक प्रमुख राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि ओडिशा ने हॉकी खेल को जिस तरह से बढ़ावा दिया है, वह काबिलेतारीफ है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और ओडिशा को धन्यवाद व बधाई दी।

भारत सरकार के खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि हर भारतीय पुरुष हॉकी विश्व कप को लेकर उत्साहित हैं। दुनियाभर में हॉकी विश्व कप के जितने आयोजन हुए होंगे, उसमें से सबसे भव्य आयोजन में से एक कटक के बारबाटी स्टेडियम में देखने से मिला। मेजर ध्यानचंद के नेतृत्व में आजादी से पहले भारत ने लगातार तीन गोल्ड मेडल जीता है का जिक्र करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि आजादी के बाद भी बलवीर सिंह सीनियर के नेतृत्व में हमने हैट्रिक गोल्ड मेडल जीता है। सभी 16 टीमों का अनुराग ठाकुर ने स्वागत किया। हेल्दी कॉम्पिटिशन के लिए अपनी शुभकामनाएं दी।

कलाकारों ने दी मनमोहक प्रस्तुति

वहीं, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने अपने ही चिर-परिचित अंदाज में अपना संबोधन दिया। जय जगन्नाथ से अपने उद्बोधन की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी को नमस्कार किया। सभी को नए वर्ष का अभिनंदन किया।ओडिशा के कटक में उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। 

इससे पहले गुरु अरुणा महंती एवं साथी कलाकारों ने जगन्नाथ अष्टकम के जरिए कार्यक्रम की पहली प्रस्तुति दी। श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी हे नाथ नारायण वासुदेवा। आदिवासी जिला कालाहांडी से आए कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य पेश कर सभी का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया और इसके साथ ही उत्सव में चार चांद लगा दिया। स्नीति मिश्रा ने तूने प्यार से पुकारा मैं चली आई आई, जोड़ी तेरी-मेरी लागे हाई-फाई.... गीत के जरिए युवा दर्शकों में जोश भर दिया। इस गीत पर अपनी अपनी सीट से खड़े होकर युवा दर्शक झूमते नजर आए।

ओडिआ अभिनेता सब्यसाची एवं अभिनेत्री अर्चिता ने ओडिआ गीत से झिअ को जेबे मूं देखिचि... चल जिबा चिलिका... जैसे गीतों पर नित्या विनेकर उत्सव में चार चांद लगा दिया। खासकर नवीन पटनायक के प्रसिद्ध डायलॉग आपण माने खुशी त. अर्थात आप लोग खुश हैं तो डायलॉग सुनकर तालियों से पूरा स्टेडियम गुंजायमान हो गया। हॉकी है दिल मोरा गीत पर पद्मश्री गुरु अरुणा महांती एवं साथी कलाकारों के द्वारा प्रदर्शित नृत्य पर पूरा बारबाती स्टेडियम झूम उठा।

बरहमपुर प्रिंस डांस ग्रुप के कलाकारों ने सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तां हमारा गीत पर नृत्य अभिनय के जरिए सभी का दिल जीत लिया। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन मनीष पाल एवं गौहर खान ने किया। समारोह में दिशा पाटनी, रणवीर सिंह एवं अन्य तमाम साथियों की प्रस्तुति ने उत्सव में चार चांद लगा दिया।