हॉकी वर्ल्डकप 2018: चीन के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की बड़ी जीत
2010 में ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को 12-0 से हराया था जो विश्व कप में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड है।
भुवनेश्वर, जेएनएन। मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने हॉकी विश्व कप 2018 में शुक्रवार को हुए पूल-बी में खेले गए मुकाबले में चीन को 11-0 से हराया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया पूल-बी की अंक तालिका में नौ अंकों के साथ शीर्ष पर रहा। हालांकि, उसने पहले ही क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली थी। मौजूदा टूर्नामेंट में यह सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले नीदरलैंड्स ने मलेशिया को 7-0 से हराया था।
2010 में ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को 12-0 से हराया था जो विश्व कप में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड है। हालांकि चीन के पास क्वार्टर फाइनल में प्रवेश का एक मौका और बचा है। इंग्लैंड के साथ वह इस पूल से क्रॉसओवर में पहुंचने में सफल रही। ऑस्ट्रेलिया ने अपने खेले तीनों मुकाबले जीते। हालांकि पिछले मुकाबले में इंग्लैंड को हराने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया का क्वार्टर फाइनल में पहुंचना करीब-करीब तय हो गया था।
चीन के खिलाफ मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के गोल करने का सिलसिला पहले क्वार्टर के 10वें मिनट से ही शुरू हुआ और यह सिलसिला आखिरी क्वार्टर तक जारी रहा। ऑस्ट्रेलिया के लिए ब्लैक गोवर्स ने हैटिक लगाई। उन्होंने 10वें, 19वें और 34वें मिनट में तीन गोल दागे। वहीं टिम ब्रैंड ने भी दो गोल किए। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया की ओर से एरान जालेवस्की, टॉम क्रेग, जेज हेवर्ड, जैक वैटन, डेसन और फ्लायन ने एक एक गोल किए।
इंग्लैंड ने आयरलैंड को हराया
हॉकी विश्व कप के पूल-बी के एक अन्य मुकाबले में इंग्लैंड ने आयरलैंड को 4-2 से हराया। इंग्लैंड की ओर से कोंडोन, एंसेल, गाल और ग्लेगोर्ने ने स्कोर किए, जबकि आयरलैंड की ओर से कार्गो और ओडोनोग्यो ने गोल दागे। इस जीत के साथ इंग्लैंड की टीम पूल-बी में दूसरे स्थान पर रहते हुए क्रॉसओवर में पहुंचने में सफल हुई।