एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2021: भारतीय हाकी टीम ने जापान को 6-0 के बड़े अंतर से हराया
भारतीय टीम की तरफ से हरमनप्रीत सिंह ने सबसे ज्यादा दो गोल किए तो वहीं टीम के गोलकीपर सूरज करकेरा का प्रदर्शन काबिले तारीफ रहा। सूरज ने बेहतरीन गोलकीपिंग करते हुए विरोधी टीम को एक भी गोल नहीं करने दिया।
नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। भारतीय हाकी टीम का बेहतरीन प्रदर्शन एशियन चैंपियंस ट्राफी 2021 में लगातार जारी रहा और इस टीम ने अपने आखिरी लीग मैच में जापान को 6-0 के बड़े अंतर से हरा दिया। भारतीय टीम की तरफ से हरमनप्रीत सिंह ने सबसे ज्यादा दो गोल किए तो वहीं टीम के गोलकीपर सूरज करकेरा का प्रदर्शन काबिले तारीफ रहा। सूरज ने बेहतरीन गोलकीपिंग करते हुए विरोधी टीम को एक भी गोल नहीं करने दिया। मनदीप सिंह की कप्तानी में भारतीय टीम जापान पर पूरे खेल के दौरान हर विभाग में हावी रही और इस टीम की एक नहीं चली।
हरमनप्रीत सिंह ने बेहतरीन खेला का प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे तो वहीं दिलप्रीत सिंह, जरमनप्रीत सिंह, सुमित और शमशेर के नाम पर एक-एक गोल रहा। इस तरह भारतीय टीम ने टाप पर रहते हुए लीग चरण खत्म किया। भारत और जापान के बीच टेक्यों ओलिंपिक में भिड़ंत हुई थी, जहां टीम इंडिया ने 5-3 से जीत दर्ज की थी और उसके बाद अब जापान को फिर से 6-0 से हार मिली। भारतीय टीम शुरूआत से ही इस मैच में हावी नजर आई थी और खेल के पहले 10 मिनट में ही भारत को तीन पेनाल्टी कार्नर मिले जिसमें से एक गोल में भी तब्दील हुआ। 10वें मिनट में मिले पेनाल्टी कार्नर को हरमनप्रीत सिंह ने अपने दमदार हिट से गोल में बदल दिया। पहले क्वार्टर में भारत ने जापान पर 1-0 की बढ़त ले ली थी। इस दौरान जापान को भी मौके मिले, लेकिन वो उसे गोल में नहीं बदल पाए।
इसके बाद 23वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने दूसरा गोल दाग दिया जबकि जरमनप्रीत सिंह ने 34वें मिनट में भारत की ओर से तीसरा गोल लगाया। यह फील्ड गोल रहा और इसके बाद सुमित ने 46वें, हरमनप्रीत ने 53वें और शमशेर ने 54वें मिनट में एक के बाद एक 3 गोल दागते हुए स्कोर 6-0 कर दिया। इस तरह आखिरी क्वार्टर में भारत ने 3 गोल दागे। भारत का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में अब तक काफी अच्छा रहा है।