विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आशीष की हैट्रिक की बदौलत भारत ने मेंस अंडर-18 एशिया कप में जीता सोना, फाइनल में जापान को रौंदा

Published: Sat, 06 Jun 2026 06:03 PM (IST)Updated: Sat, 06 Jun 2026 08:07 PM (IST)

अंडर-18 एशिया कप 2026 के फाइनल में शुक्रवार को भारतीय अंडर-18 मेंस हॉकी टीम ने मेजबान जापान को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

इमेज: Asian Hockey Federation

इमेज: Asian Hockey Federation

HighLights

  1. भारत ने जापान को 4-1 से हराया

  2. आशीष ने 3-केतन ने 1 गोल किया

  3. जापान से नुमादा गाकू ने 1 गोल दागा

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। जापान के काकामीगाहारा में खेले गए अंडर-18 एशिया कप 2026 के फाइनल में शुक्रवार को भारतीय अंडर-18 मेंस हॉकी टीम ने मेजबान जापान को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। आशीष तानी पूर्ति (2', 28', 34') ने हैट्रिक लगाई।

कप्तान केतन कुशवाहा (30') ने भी एक गोल दागा। भारत ने मेजबान टीम के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। नुमादा गाकू (52') ने जापान की ओर से एकमात्र गोल दागा।

 

 

प्‍लेयर्स पर पैसों की बारिश

हॉकी इंडिया ने स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख रुपये और सहायक स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1.5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। हॉकी इंडिया ने कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को 1 लाख रुपये और सहायक स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 50,000 रुपये का नकद पुरस्कार देने की भी घोषणा की।

दूसरे मिनट में दागा गोल

भारत ने मैच की शुरुआत में ही अपना दबदबा कायम कर लिया और पहले 90 सेकंड के भीतर ही पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया। आशीष तानी पूर्ति दूसरे मिनट ने शानदार फिनिशिंग करते हुए भारत को शुरुआती बढ़त दिला दी। जापान ने दूसरे क्वार्टर में अपनी पकड़ मजबूत की और चार बार पेनल्टी कॉर्नर के अंदर घुसकर भारत को चुनौती दी, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति पूरे समय डटी रही और पहला क्वार्टर 1-0 की बढ़त के साथ समाप्त हुआ।

दूसरे क्वार्टर में मेजबान टीम के लगातार दबाव के बावजूद भारत ने अपनी बढ़त को और मजबूत किया। जापान ने अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया और खतरनाक नजर आया, लेकिन बराबरी का गोल उनके हाथ नहीं लगा।

 

हाफ टाइम तक 3 गोल

भारत ने 28वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। आशीष तानी पूर्ति ने एक बार फिर शानदार खेल दिखाते हुए जोरदार शॉट लगाकर स्कोर 2-0 कर दिया। प्रहलाद राजभर ने खतरनाक क्षेत्र में गेंद छीनी, तेजी से आगे बढ़े और कप्तान केतन कुशवाहा (30वें मिनट) को पास दिया, जिन्होंने आसानी से गोल दागकर हाफ टाइम तक भारत को 3-0 की बढ़त दिला दी।

आशीष रहे मैच के हीरो

तीसरे क्वार्टर में भी भारत का आक्रामक खेल जारी रहा। वरिंदर सिंह की शानदार दौड़ के चलते एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला और आशीष तानी पूर्ति ने 34वें मिनट में सटीक फिनिश के साथ अपनी हैट्रिक पूरी करते हुए भारत को 4-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।

जापान ने अंतिम क्वार्टर में कड़ा संघर्ष किया और 52वें मिनट में नुमादा गाकू ने पेनल्टी किक को गोल में बदलकर स्कोर 4-1 कर दिया। आशीष तानी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया।

 

 

यह भी पढ़ें- U18 Mens Asia Cup: सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को रौंदा, एशिया कप के फाइनल में बनाई जगह

यह भी पढ़ें- भारत-पाकिस्तान की सेमीफाइनल में होगी भिड़ंत, महामुकाबले में जीत हासिल कर फाइनल में पहुंचना चाहेगी टीम इंडिया