'परिवार के विवाद में पंचायत का क्या काम...', और महिला ने उपप्रधान को जड़ दिया थप्पड़; ऊना में आधी रात बवाल
हिमाचल प्रदेश के ऊना में एक महिला ने पारिवारिक विवाद सुलझाने पहुंचे पंचायत उपप्रधान को थप्पड़ जड़ दिया। उपप्रधान की ...और पढ़ें

ऊना के अंब में महिला ने पंचायत उपप्रधान को थप्पड़ जड़ दिया।
HighLights
ऊना में पारिवारिक विवाद सुलझाने पहुंचे उपप्रधान को थप्पड़।
महिला ने कहा, पारिवारिक मामले में उपप्रधान का क्या काम।
उपप्रधान की शिकायत पर अंब पुलिस ने दर्ज किया मामला।
संवाद सहयोगी, अंब (ऊना)। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में पारिवारिक विवाद सुलझाने पहुंचे पंचायत उपप्रधान को महिला ने थप्पड़ जड़ दिया। उपमंडल अंब के तहत चौआर गांव में यह घटना हुई है। जानकारी के अनुसार रविवार रात को पंचायत उपप्रधान सुखदेव सिंह को गांव के एक व्यक्ति ने फोन करके सूचना दी कि उनकी बहू प्रवीण कुमारी घर में विवाद कर रही है। सूचना मिलते ही उपप्रधान वार्ड सदस्य को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। जहां पंचायत, उनके पति और अन्य वार्ड सदस्य भी पहले से मौजूद थीं।
पारिवारिक विवाद में उपप्रधान का क्या काम कहते हुए जड़ा थप्पड़
आरोप है कि जब उपप्रधान व अन्य पंचायत प्रतिनिधि मामले की शांतिपूर्ण मध्यस्थता के लिए घरेलू विवाद का कारण पूछने लगे तो आरोपित महिला प्रवीण कुमारी आपा खो बैठीं। उसने तैश में आकर कहा कि उनके पारिवारिक मामले में उपप्रधान से बात करने का कोई मतलब नहीं है और अचानक उठकर उपप्रधान सुखदेव सिंह के मुंह पर थप्पड़ मार दिया।
पंचायत कार्य में बाधा डाली
पीड़ित उपप्रधान ने बताया कि वे एक चुने हुए जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभाने पहुंचे थे, लेकिन महिला ने उन पर हमला कर उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाई और पंचायत कार्य में बाधा डाली।
क्या कहते हैं डीएसपी
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने उपप्रधान की शिकायत के आधार पर आरोपित महिला भारतीय न्याय संहिता की धारा 132 और 121(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच और आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
