हिमाचल एक्सप्रेस सहित 5 ट्रेन लेट, 1.53 घंटे देरी से पहुंची ऊना; इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन भी प्रभावित
ऊना रेलवे स्टेशन पर हिमाचल एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें लगातार देरी से पहुंच रही हैं, जिससे यात्रियों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हिमाचल प्रदेश का ऊना रेलवे स्टेशन। जागरण आर्काइव
HighLights
ऊना में हिमाचल एक्सप्रेस सहित पांच ट्रेनें लेट।
यात्रियों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी।
रेलवे से समय पर संचालन सुनिश्चित करने की मांग।
संवाद सूत्र, रक्कड़ (ऊना)। हिमाचल प्रदेश में ऊना रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के लगातार विलंब से पहुंचने के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। दिल्ली, चंडीगढ़ और अन्य राज्यों से हिमाचल आने वाले पर्यटकों के साथ शारदीय नवरात्र के दौरान धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन करने वाले दैनिक यात्रियों को भी ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण दिक्कत झेलनी पड़ रही हैं।
रविवार को हिमाचल एक्सप्रेस, रायपुर हरियाणा पैसेंजर, हरिद्वार पैसेंजर और जनशताब्दी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं।
8:33 बजे स्टेशन पर पहुंची हिमाचल एक्सप्रेस
दिल्ली जंक्शन से सरहिंद और अंब अंदौरा के रास्ते हिमाचल आने वाली ट्रेन संख्या 14053 हिमाचल एक्सप्रेस रविवार को अपने निर्धारित समय से एक घंटा 53 मिनट देरी से ऊना रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के ऊना पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 6:40 बजे है, जबकि यह सुबह 8:33 बजे स्टेशन पर पहुंची।
तकनीकी कारण से देरी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, परिचालन एवं तकनीकी कारण से ट्रेन को शनिवार रात पुनर्निर्धारित किया गया था। इसके चलते ट्रेन दिल्ली जंक्शन से अपने निर्धारित समय रात 10:50 बजे के बजाय मध्यरात्रि 12 बजे रवाना हुई। इसका असर आगे के स्टेशनों पर भी पड़ा और ट्रेन अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंची।
इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन भी प्रभावित
हिमाचल एक्सप्रेस के अपने गंतव्य करटोली स्टेशन पर निर्धारित समय से करीब एक घंटा 45 मिनट देरी से पहुंचने के कारण करटोली से अंबाला छावनी जंक्शन वाया सरहिंद चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन भी प्रभावित हुआ। यह ट्रेन निर्धारित समय के बजाय करीब एक घंटा 40 मिनट देरी से रवाना हुई। रैक के विलंब से पहुंचने के कारण दूसरी ट्रेन के यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अंबाला-चंडीगढ़ पैंसेजर ट्रेन पांचवें दिन लेट
हरियाणा के हिसार जिले स्थित रायपुर हरियाणा जंक्शन से अंबाला और चंडीगढ़ के रास्ते अंब अंदौरा आने वाली ट्रेन संख्या 64563 पैसेंजर रविवार को लगातार पांचवें दिन देरी से ऊना पहुंची। ट्रेन का ऊना पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 11:58 बजे है, लेकिन रविवार को यह करीब 45 मिनट विलंब से पहुंची।
बीते कल दो घंटे 32 मिनट देरी से ऊना पहुंची
यह पैसेंजर पिछले कई दिनों से लगातार देरी से चल रही है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बुधवार को ट्रेन एक घंटा 25 मिनट, गुरुवार को दो घंटे 10 मिनट तथा शुक्रवार और शनिवार को दो घंटे 32 मिनट देरी से ऊना पहुंची। लगातार हो रही देरी के कारण इस ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
हरिद्वार पैसेंजर ट्रेन 40 मिनट लेट
हरिद्वार से सरहिंद के रास्ते अंब अंदौरा आने वाली पैसेंजर ट्रेन भी रविवार को निर्धारित समय से देरी से ऊना पहुंची। इस ट्रेन का ऊना पहुंचने का निर्धारित समय दोपहर 12:30 बजे है, जबकि यह दोपहर 1:10 बजे स्टेशन पर पहुंची। इस तरह यात्रियों को करीब 40 मिनट की देरी का सामना करना पड़ा।
जनशताब्दी एक्सप्रेस भी तय समय पर नहीं पहुंची
रविवार तड़के दौलतपुर चौक से नई दिल्ली के लिए रवाना हुई जनशताब्दी एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच सकी। ट्रेन का नई दिल्ली पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 11:45 बजे है, जबकि यह दोपहर 12:25 बजे पहुंची। इस तरह ट्रेन करीब 40 मिनट देरी से अपने गंतव्य पर पहुंची।
यात्री परेशान
रेल यात्री अंजू, मुकेश कालिया, अंजली और अंशु ने रेलवे से ट्रेनों का संचालन निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। यात्रियों का कहना है कि ट्रेनों में लगातार हो रही देरी से उनकी रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो रही है। उन्होंने रेलवे से व्यवस्था में सुधार कर यात्रियों को राहत देने की मांग की है।
