विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रैफिक कंट्रोल करते 2 बसों के बीच पिस गया हिमाचल पुलिस का SI, भरवाईं में दर्दनाक हादसे में मौत; CM ने जताया दुख

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 18 Oct 2026 02:10 PM (IST)Updated: Sun, 18 Oct 2026 03:19 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में ट्रैफिक नियंत्रित करते समय एक पुलिस एसआई की दो बसों के बीच कुचलकर मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा भरवाईं में हुआ।

हादसे का शिकार हुए एसआई राजेश कुमार का फाइल फोटो।

हादसे का शिकार हुए एसआई राजेश कुमार का फाइल फोटो।

HighLights

  1. ऊना में ट्रैफिक कंट्रोल करते SI की दर्दनाक मौत।

  2. भरवाईं में दो बसों के बीच कुचले गए राजेश कुमार।

  3. बस चालकों पर मामला दर्ज, सीएम सुक्खू ने दुख जताया।

संजीव ठाकुर, भरवाईं (ऊना)। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में सड़क पर ट्रैफिक कंट्रोल कर रहे एक एसआई की दो बसों के बीच चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। चिंतपूर्णी पुलिस थाना में तैनात एसआई राजेश कुमार को सूचना मिली थी कि भरवाईं में जाम की स्थिति बनी है। वह तुरंत अपनी टीम के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग 503 पर भरवाईं वन विभाग के कार्यालय के पास नीचे सड़क के मोड़ पर ट्रैफिक को खुलवाने के लिए तत्पर हो गए।

अचानक दो बसों को पासिंग करवाते हुए वह उनके बीच आकर बुरी तरह जख्मी हो गए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस पार्टी ने उनको तुरंत चिंतपूर्णी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनको प्राथमिक उपचार देने के बाद नाजुक स्थिति को देखते हुए टांडा के लिए रेफर कर दिया। लेकिन भरवाईं पहुंचते ही उनकी मृत्यु हो गई। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेजा गया है। 

बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज

चिंतपूर्णी पुलिस ने दोनों बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के बाद उन दो बसों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। 

थाने में लाया जाएगा पार्थिव शरीर

पोस्टमार्टम के बाद उनके पार्थिव शरीर को कुछ समय के लिए चिंतपूर्णी थाने में लाया जाएगा। इसके बाद आगे कांगड़ा जिला के नगरोटा सूरियां में उनके घर लेकर जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। 

विभाग भी सदमे में 

वही पुलिस विभाग चिंतपूर्णी थाने के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों ने इस पर अपना गहरा दुख व्यक्त किया है। वही डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि उन्होंने अपने एक जवान को खो दिया है। पूरा पुलिस विभाग पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

सीएम सुक्खू ने जताया दुख

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने दुखद हादसे में पुलिस अधिकारी की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर लिखा कि हादसा बेहद दुखद है। उन्होंने परिवार के सदस्यों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। 

यह भी पढ़ें: आधी रात घुमारवीं थाने में पहुंचे SP अभिषेक धीमान, नजारा देख हुए आग बवूला; लापरवाह ASI सस्पेंड कर लाइन हाजिर किया