आधी रात घुमारवीं थाने में पहुंचे SP अभिषेक धीमान, नजारा देख हुए आग बवूला; लापरवाह ASI सस्पेंड कर लाइन हाजिर किया
बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने घुमारवीं थाने का औचक निरीक्षण किया। ड्यूटी में अनुशासनहीनता पाए जाने पर एक एएसआई को निलंबित कर लाइन हाजिर किया गया।

एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान।
HighLights
एसपी अभिषेक धीमान ने घुमारवीं थाने का औचक निरीक्षण किया।
ड्यूटी में अनुशासनहीनता पर एक एएसआई को निलंबित किया गया।
पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त संदेश।
शुभम राही, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन कायम रखने के लिए एसपी अभिषेक धीमान ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में एसपी अभिषेक धीमान ने घुमारवीं थाने का औचक निरीक्षण किया। थाने में अनुशासनहीनता व पुलिस नियमों की अवहेलना पाए जाने पर एसपी आग बवूला हो गए। थाने में रात का जिम्मा संभाल रहा एएसआइ मौके से नदारद था। एसपी ने उसे तुरंत निलंबित करने के साथ ही लाइन हाजिर कर दिया है।
एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में स्पष्ट संदेश गया है कि ड्यूटी के दौरान नियमों की अनदेखी या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
थाने से अनुपस्थित था एएसआई
एसपी अभिषेक धीमान जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली को परखने के लिए लगातार सक्रिय हैं। इसी क्रम में वह शुक्रवार देररात घुमारवीं थाना पहुंचे। उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। इस दौरान थाने में तैनात एक एएसआई अनुपस्थित पाया गया। पुलिस नियमों की अवहेलना और अनुशासनहीनता पर कार्रवाई की गई। इसे गंभीरता से लेते हुए एसपी ने संबंधित एएसआइ को निलंबित करने के आदेश दिए। साथ ही उसे लाइन हाजिर भी कर दिया।
कर्मचारियों पर नजर
वहीं, पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि वे ड्यूटी के दौरान पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करें। थानों व चौकियों में तैनात कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर नजर रखने के लिए औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं।
घुमारवीं थाने का औचक निरीक्षण किया गया। एक एएसआइ ड्यूटी में लापरवाही व अनुशासनहीनता करता हुआ पाया गया। उक्त एएसआइ को निलंबित कर दिया और लाइन हाजिर किया है। ड्यूटी में किसी तरह की लापरवाही नहीं बर्दाश्त की जाएगी।
-अभिषेक धीमान, एसपी बिलासपुर।
यह भी पढ़ें: नशा तस्करी से बना लिया शॉपिंग कॉम्पलैक्स और दोमंजिला भवन, नूरपुर पुलिस ने 74.12 लाख की प्रॉपर्टी फ्रीज की
