ऊना रेलवे स्टेशन पर रेल स्विच पॉइंट से छेड़खानी, दूसरे ट्रैक पर पहुंच गई जन शताब्दी, यात्रियों में अफरा तफरी
ऊना रेलवे स्टेशन पर रेल स्विच पॉइंट से छेड़खानी के कारण जन शताब्दी एक्सप्रेस को दूसरे प्लेटफार्म पर डायवर्ट किया गया, जिससे सैकड़ों यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
-1791781904472_m.webp)
फोटो क्रेडिट: AI
HighLights
रेल स्विच पॉइंट से छेड़खानी के कारण ट्रेन डायवर्ट हुई
जन शताब्दी एक्सप्रेस दूसरे प्लेटफार्म पर पहुंचने से अफरा-तफरी
यात्रियों की सूझबूझ से बड़ा रेल हादसा टला
संवाद सहयोगी, रक्कड़ (ऊना)। सोमवार सुबह ऊना रेलवे स्टेशन पर अचानक उस समय खलबली मच गई जब प्लेटफार्म 1 पर दौलतपुर चौक से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन नंबर 12058 जन-शताब्दी एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे सैकड़ों यात्रियों को एकाएक प्लेटफार्म 2 की ओर भागना पड़ा।
गनीमत यह रही कि एक दम यात्रियों में मची हड़बड़ी में कोई हादसा पेश नहीं आया। ट्रेन आने से पहले स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने बताया कि स्टेशन पर अनाउंसमेंट के जरिए ट्रेन के प्लेटफार्म 1 पर आने की सूचना मिल रही थी सभी यात्री प्लेटफार्म 1 पर ही इंतजार कर रहे थे।
टला बड़ा हादसा
लेकिन जैसे ही ट्रेन मुख्य लाइन से प्लेटफार्म 1 की बजाय 2 की लूप लाइन की ओर गई वैसे ही स्टेशन पर यात्रियों में हड़कंप मच गया और वह फुट-ओवरब्रिज पर चढ़कर प्लेटफार्म 2 की ओर दौड़ते नजर आए।
यात्रियों में मची अफरा-तफरी
इस दौरान कुछ पुरुष यात्री ट्रेन छूट जाने के डर से पटरियों को पार कर ट्रेन में चढ़ते भी नजर आए। राहत की बात यें थी कि उस समय सीमा में विपरीत दिशा से कोई अन्य ट्रेन नहीं गुजरती , नहीं तो कोई अनहोनी भी हो सकती थी। इस प्रकरण में सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों के साथ महिला यात्रियों व भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले दर्जनों यात्रियों को हुई।
असामाजिक तत्वों का है काम
वहीं ऊना के स्टेशन अधीक्षक विक्रम के मुताबिक असामाजिक तत्वों द्वारा रेल स्विच पॉइंट सें छेड़खानी की गईं।इस के चलते फौरन ट्रेन को दूसरे प्लेटफार्म की दिशा में डायवर्ट किया गया। अगर फौरन ट्रेन को दूसरे प्लेटफार्म की ओर ना भेजा जाता तो ट्रेन किसी बड़े हादसे का शिकार हो सकती थीं।
नई दिल्ली में पेश आ चूका है हादसा
बीते वर्ष फरवरी 2025 में अचानक से ट्रेनों के प्लेटफार्म में हुई तब्दीली के दौरान नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों में अफ़रा तफ़री मची थी। मीडिया रिपोर्ट व सरकारी आँकड़ों के अनुसार इस घटना में 18 यात्रियों को मौत हुई थी जबकि सैकड़ों यात्री घायल हुए थे।
रेल स्विच पॉइंट से छेड़खानी होना सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े करता है कई सवाल
सरहिंद- करटोली रेल खंड पर स्थित ऊना रेलवे पर प्रतिदिन वंदे भारत एक्सप्रेस समेत दर्जनों ट्रेनों की आवाजाही होती हैं ऐसे में रेलवे संपत्ति से जुड़ी चीजों से छेड़खानी होना अपने आप में कई गंभीर सवाल खड़े करता हैं। इस रूट पर प्रतिदिन हजारों यात्री सफ़र करते हैं।
रेलवे द्वारा ट्रेक मैन की तैनाती रहती हैं जो प्रतिदिन कुछ समय के अंतराल के बाद रेलवे पटरियों की जांच करते हैं। वहीं हर स्टेशन पर रेलवे पुलिस के जवानों की तैनाती होती हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल प्रदेश में SMC और कंप्यूटर शिक्षकों के लिए भर्ती का रास्ता खुला, 4800 पदों पर होगी नियुक्ति
