मजदूरी करने गया था परिवार, पीछे से लापता हो गया 22 वर्षीय युवक; हिमाचल पुलिस की तेजी से टला बड़ा अनहोनी का डर
ऊना पुलिस ने 22 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ और बोलने-सुनने में असमर्थ युवक को 16 घंटे के भीतर गलुआ चौक से सुरक्षित ढूंढ निकाला। शिकायत के बाद भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर युवक को उसके भाई को सौंप दिया गया।

युवक को परिजनों को सौंपते हुए हिमाचल पुलिस (जागरण फोटो)
HighLights
पुलिस ने 22 वर्षीय लापता मानसिक अस्वस्थ युवक को ढूंढा।
युवक बोलने और सुनने में भी असमर्थ था।
गलुआ चौक ऊना से 16 घंटे में सुरक्षित बरामद किया गया।
सुरेश कुमार, ऊना। जिला पुलिस ऊना ने तत्परता दिखाते हुए लापता हुए 22 वर्षीय युवक को महज 16 घंटे के भीतर सुरक्षित तलाश कर लिया। युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के साथ बोलने और सुनने में भी असमर्थ है। पुलिस ने उसे ऊना के गलुआ चौक से बरामद करने के बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उसके भाई के सुपुर्द कर दिया।
उत्तर प्रदेश का मूल निवासी एक व्यक्ति वर्तमान में परिवार सहित हरोली क्षेत्र के पंजावर गांव में किराये के मकान में रह रहा है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 23 नवंबर को वह परिवार सहित मजदूरी करने गया था।
शाम को वापस किराये के मकान में पहुंचा तो उसका करीब 22 वर्षीय भाई बबलू वहां मौजूद नहीं था। काफी तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
पंडोगा चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई
बीते रोज मंगलवार को पुलिस चौकी पंडोगा में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर तलाश शुरू की।
पुलिस चौकी पंडोगा के प्रभारी उपनिरीक्षक गुरध्यान सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानव स्रोतों की मदद से संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की।
औपचारिकताएं पूरी कर भाई के हवाले किया
जबकि पुलिस के प्रयासों से बुधवार को बबलू ऊना के गलुआ चौक से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इसके बाद सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर उसे उसके भाई के हवाले कर दिया गया। एएसपी अजय राणा ने बताया कि जिला पुलिस ऊना ने कहा कि गुमशुदगी से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाती है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी व्यक्ति के लापता होने या कोई संदिग्ध जानकारी मिलने पर बिना देरी पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाकर लापता व्यक्ति को सुरक्षित परिवार तक पहुंचाया जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।